Page Loader
कोरोना वायरस की दूसरी लहर का डर, मिनी लॉकडाउन की और बढ़े कई देश

कोरोना वायरस की दूसरी लहर का डर, मिनी लॉकडाउन की और बढ़े कई देश

Oct 07, 2020
08:26 pm

क्या है खबर?

कोरोना वायरस अभी भी पूरी दुनिया के लिए बड़ा खतरा बनकर खड़ा हुआ है। हालांकि, दुनिया के कई देशों में संक्रमण की रफ्तार थोड़ी कम हुई है, लेकिन दुनियाभर के चिकित्सा विशेषज्ञ इसकी दूसरी लहर को लेकर घबराए हुए हैं। कई देशों ने संक्रमण के मामले कम होने पर अनलॉक प्रकिया शुरू कर दी है, लेकिन कई देश इसकी दूसरी लहर के कारण फिर से लॉकडाउन की और बढ़ रहे हैं। ऐसे में दुनिया में असमंजस बना हुआ है।

#1

संक्रमण के मामले में चीन से आगे निकला नेपाल

नेपाल में इस समय कोरोना वायरस के संक्रमण की रफ्तार बढ़ी हुई है। यहां 3,439 नए मामलों के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 94,253 पर पहुंच गई है। इनमें से 578 की मौत हो चुकी है। ऐसे में यह देश संक्रमण के मामले में चीन (85,489) से आगे निकल चुका है। संक्रमण की बढ़ती रफ्तार ने सरकार को चिंता में डाल दिया और वहां पाबंदियां बढ़ाने के साथ फिर से लॉकडाउन लागू करने पर विचार किया जा रहा है।

#2

पेरिस में लागू किया गया मिनी लॉकडाउन

फ्रांस में संक्रमण की हालत बेहद खराब है। यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 6.34 लाख पहुंच गई। इनमें से 32,365 मरीजों की मौत हो गई। यहां सबसे बुरी हालत पेरिस की है, जहां प्रतिदिन औसतन 3,500 नए मामले सामने आ रहे हैं। इसको देखते हुए सरकार ने पेरिस में दो सप्ताह का मिनी लॉकडाउन लागू कर दिया है। इसके तहत बार और कैफे बंद किए गए हैं और सोशल डिस्टेसिंग सहित अन्य उपायों पर नए नियम लागू किए गए हैं।

#3

जर्मनी में सभी तरह के समारोह पर दिसंबर तक लगाई रोक

जर्मनी में अब संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं और प्रतिदिन औसतन 10,000 मामले सामने आ रहे हैं। यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3.08 लाख पहुंच गई है। इनमें से 9,641 की मौत हुई है। इसको देखते हुए सरकार ने सभी तरह के समारोह पर दिसंबर तक रोक लगा दी है। इसके अलावा क्वारंटाइन के नए नियम लागू करने के साथ अधिक प्रभावित देशों से आने वालों को 14 दिन के अनिवार्य क्वारंटाइन के निर्देश दिए हैं।

जानकारी

बिना मास्क पहने बाहर निकलने पर 50 यूरो का जुर्माना

जर्मनी सरकार ने संक्रमण से निपटने के लिए सख्ती भी बरती है। इसके तहत सभी लोगों के लिए मास्क को अनिवार्य किया गया है। बिना मास्क के घर से बाहर निकलने वाले पर 50 यूरो (करीब 4,000 रुपये) के जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

#4

स्पेन के मैड्रिड में लागू किया गया आंशिक लॉकडाउन

स्पेन कोरोना से सबसे प्रभावित देशों में एक है। यहां संक्रमण की दूसरी लहर से जूझ रहा है। यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8.65 पहुंच गई है और इनमें से 32,486 की मौत हो चुकी है। मैड्रिड यहां का सबसे प्रभावित शहर है। ऐसे में वहां आंशिक लॉकडाउन लागू किया गया है। वहां रात 10 बजे बाद किसी भी बार और रेस्तरां को संचालन की अनुमति नहीं है और पांच से अधिक लोगों के जमा होने पर रोक है।

#5

इटली में नाइट क्लब और डांस बार बंद

प्रभावित देशों में शीर्ष पर रहे इटली में फिर से संक्रमण के मामले सामने आने लगे हैं। यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3.30 लाख से अधिक पहुंच गई है और इनमें से 36,030 लोगों की मौत हो चुकी है। ऐसे में यहां की सरकार ने एहतियात के तौर पर सभी नाइट क्लब और डांस बार को बंद कर दिया है। इसके अलावा पूरे देश में मास्क और सोशल डिस्टेसिंग को अनिवार्य किया है। उल्लंघन पर कार्रवाई की जा रही है।

#6

भारत में चल रहा है अनलॉक का पांचवां चरण

भारत में पिछले कई दिनों से संक्रमितों की संख्या में गिरावट आ रही है। ऐसे में सरकार ने कई गतिविधियों को फिर से संचालित करने की अनुमति देना शुरू कर दिया है। सरकार ने अनलॉक-5 के तहत कई तहर की छूट दी है। बीते दिन यहां 72,049 नए मामले सामने आए और 986 मरीजों की मौत हुई। देश में कुल मामलों की संख्या 67,57,131 हो गई है, वहीं 1,04,555 की मौत हो चुकी है। सक्रिय मामलों की संख्या 9,07,883 है।

स्थिति

दुनिया में यह है कोरोना संक्रमण की वर्तमान स्थिति

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 3.56 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं और 10.47 लाख लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में 74.97 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और लगभग 2.11 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका एकमात्र ऐसा देश है जहां भारत से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं। तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 49.27 लाख संक्रमितों में से लगभग 1.47 लाख मरीजों की मौत हुई है।