नेपाल त्रासदी पर सद्गुरु का बड़ा कदम, 1 करोड़ रुपये के दान के साथ 5 देशों को दिया अहम सुझाव
सद्गुरु ने नेपाल के प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष में 1 करोड़ रुपये देने का ऐलान किया है। यह रकम नेपाल-तिब्बत सीमा पर आई भयंकर बाढ़ के बाद चलाए जा रहे बचाव और राहत अभियानों में काम आएगी। काठमांडू में हुए 'नेपाल के साथ एकजुटता' नाम के कार्यक्रम में उन्होंने यह घोषणा की। इस मौके पर सद्गुरु ने पड़ोसी देशों से भी अपील की कि जब भी कोई प्राकृतिक आपदा आए, तो सभी देश मिलकर उसका सामना करें।
सद्गुरु ने 5 देशों वाले हिमालयन बोर्ड का सुझाव दिया
सद्गुरु ने एक हिमालयन बोर्ड बनाने का भी सुझाव दिया, जिसमें भारत, चीन, नेपाल, भूटान और पाकिस्तान जैसे 5 देश शामिल हों। उनका कहना था कि यह बोर्ड आपदा प्रबंधन का काम देखे और हिमालय क्षेत्र के इकोसिस्टम की रक्षा करे। भयंकर बाढ़ में अब तक 903 लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग अभी भी लापता हैं। इन लापता लोगों में चीन के ग्योइरोंग इमिग्रेशन सेंटर में ईशा सेक्रेड वॉक के 77 प्रतिभागी और नेपाल में ईशा के तीन स्वयंसेवक भी शामिल हैं।