भारत और बांग्लादेश के बीच खेली जाएगी द्विपक्षीय सीरीज? BCB अध्यक्ष तमीम इकबाल का बड़ा खुलासा
क्या है खबर?
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के नए अध्यक्ष तमीम इकबाल ने स्पष्ट किया है कि भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ आगामी घरेलू द्विपक्षीय सीरीज को फिलहाल स्थगित किया जा रहा है। दोनों बोर्ड अब नई उपयुक्त विंडो (समय) तलाश रहे हैं। बता दें कि इस सीरीज में 3 वनडे और 3 टी-20 मुकाबले खेले जाने थे, जिसका आयोजन अगस्त-सितंबर में होना तय हुआ था। हालांकि, कुछ अप्रत्याशित परिस्थितियों के चलते अब इसे तय समय पर आयोजित कराना संभव नहीं है।
बयान
तमीम ने क्या दिया बयान?
BCB अध्यक्ष तमीम ने नॉट आउट नोमान को दिए साक्षात्कार में कहा, "बांग्लादेश बनाम भारत सीरीज अभी नहीं होगी। कुछ चीजें ऐसी होती हैं जो हमारे नियंत्रण से बाहर होती हैं। मैं BCB अध्यक्ष के रूप में कभी भी उस रेखा को पार नहीं करना चाहता, लेकिन दोनों बोर्ड की नीयत अच्छी है, हम लगातार एक-दूसरे के संपर्क में हैं। नई तारीखों का भी पता लगाया जा रहा है। बांग्लादेश का आगामी शेड्यूल भी काफी व्यस्त है।"
भ्रष्टाचार
क्रिकेट में भ्रष्टाचार के खिलाफ बांग्लादेश की लड़ाई पर क्या बोले तमीम?
तमीम ने क्रिकेट में भ्रष्टाचार से निपटने के लिए BCB द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में भी बात की।
उन्होंने खुलासा किया कि बोर्ड ने बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) के दौरान हुए फिक्सिंग घोटालों में शामिल होने के आरोप में पहले ही कई व्यक्तियों पर मुकदमा चलाया है।
उन्होंने कहा, "हमने पहले ही एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उनमें से 4-5 का जिक्र किया है। चार-पांच और नाम सामने आएंगे। इसमें सत्यनिष्ठा का मुद्दा है।"
फैसला
बांग्लादेश के टी-20 विश्व कप से बाहर रहने पर क्या बोले तमीम?
तमीम ने टी-20 विश्व कप 2026 में बांग्लादेश के भाग न लेने के फैसले पर कहा, "मुझे लगता है कि हम इस मामले पर और भी बेहतर तरीके से बातचीत कर सकते थे।"
बता दें कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) द्वारा मुस्तफिजुर रहमान को बाहर करने पर BCB और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के रिश्तों में खटास आ गई थी।
हालांकि, अब रिश्तों को सामान्य करने पर काम जारी है।