एस जयशंकर ने भूटान को सौंपी 54 महिंद्रा XEV 9E, सड़कों पर दौड़ेगी हरित क्रांति
विदेश मंत्री डॉ एस जयशंकर ने हाल ही में भूटान को 54 महिंद्रा XEV 9E इलेक्ट्रिक SUV भेंट की हैं। इन गाड़ियों का लक्ष्य भूटान को पर्यावरण के लिहाज से ज्यादा अनुकूल बनाना और उसके सरकारी वाहनों के बेड़े को आधुनिक रूप देना है। यह भेंट थिंपू में हुई, जहां डॉ जयशंकर ने भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे से मुलाकात की। इस कदम से दोनों पड़ोसी देशों के संबंध और गहरे हुए हैं, साथ ही भूटान के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी (ई-मोबिलिटी) को बढ़ावा देने के प्रयासों को भी नई गति मिली है।
XEV 9E में है 59 किलोवॉट-घंटे की बैटरी
इन महिंद्रा XEV 9E में 59 किलोवॉट-घंटे की दमदार बैटरी लगी है। एक बार पूरी तरह चार्ज होने पर, ये गाड़ियां 542 किलोमीटर तक का शानदार सफर तय कर सकती हैं। ये SUV लगभग 8 सेकंड में ही 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती हैं। DC फास्ट चार्जिंग की सुविधा के चलते, इन्हें बहुत कम समय में चार्ज भी किया जा सकता है। सिंग्ये एजेंसीस और भूटान के वित्त मंत्रालय ने इन गाड़ियों को औपचारिक रूप से सौंपा। यह भारत और भूटान के बीच स्वच्छ ऊर्जा और बेहतर कनेक्टिविटी के लिए जारी साझेदारी में एक और अहम कदम है।