Loading...
पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा में नमाज के दौरान आत्मघाती धमाके में 16 की मौत, दर्जनों घायल
खैबर पख्तूनख्वा में नमाज के दौरान आत्मघाती धमाके में 16 लोगों की मौत हो गई

पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा में नमाज के दौरान आत्मघाती धमाके में 16 की मौत, दर्जनों घायल

Sep 18, 2026
03:55 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान के अशांत प्रांत खैबर पख्तूनख्वा में बड़ा आतंकी हमला हुआ है। कोहाट जिले के ओल्ड पुलिस लाइंस परिसर में शुक्रवार की नमाज के दौरान एक भीषण आत्मघाती हमला हुआ है। विस्फोटकों से लदी एक गाड़ी के जरिए किए गए इस धमाके में 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि दर्जनों लोग घायल हो गए। मृतकों में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। धमाके के प्रभाव से मस्जिद की दीवार तक ढह गई।

हमला

कैसे हुआ यह हमला?

पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, आतंकवादियों ने परिसर को निशाना बनाने के लिए एक आत्मघाती रणनीति अपनाई।

विस्फोटकों से लदे एक वाहन ने तेज रफ्तार में ओल्ड पुलिस लाइंस के मुख्य प्रवेश द्वार को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर होते ही गाड़ी में एक भीषण विस्फोट हुआ, जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया।

चश्मदीदों के मुताबिक, जोरदार धमाके के तुरंत बाद वहां अंधाधुंध गोलीबारी की आवाजें भी सुनी गईं, जिससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

नुकसान

मस्जिद को पहुंचा भारी नुकसान, मलबे में तब्दील हुई दीवार

यह आत्मघाती हमला ठीक उस समय हुआ जब परिसर स्थित मस्जिद के भीतर बड़ी संख्या में लोग शुक्रवार की नमाज (जुमे की नमाज) अदा कर रहे थे।

धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि मस्जिद के ठीक बाहर जमीन पर एक बड़ा और गहरा गड्ढा बन गया।

इसके अलावा, मस्जिद का बाहरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और इसकी एक पूरी दीवार ढह गई, जिसके मलबे के नीचे भी कई लोग दब गए।

ADVERTISEMENT

प्रयास

अस्पताल में आपातकाल लागू, बचाव अभियान जारी

घटना की सूचना मिलते ही 'रेस्क्यू 1122' की टीमें और आपातकालीन वाहन तुरंत मौके पर पहुंचे। मलबे से लोगों को निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू किया गया।

कोहाट के जिला अस्पताल में अब तक 25 से अधिक घायलों को लाया जा चुका है।

घायलों में कई पुलिसकर्मियों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। अस्पताल में तुरंत मेडिकल आपातकाल घोषित कर दिया गया है।

ADVERTISEMENT

तलाशी

सुरक्षा बलों ने इलाके को घेरा, तलाशी अभियान जारी

हमले के तुरंत बाद पाकिस्तानी सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने पूरे ओल्ड पुलिस लाइंस क्षेत्र को घेर लिया है।

किसी भी संभावित दूसरे हमले या छुपे हुए आतंकियों के खतरे को देखते हुए कोहाट-हंगू मुख्य मार्ग को यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है।

सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में एक सघन तलाशी अभियान शुरू किया है। अभी तक किसी भी आतंकवादी संगठन ने इस आत्मघाती हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

ADVERTISEMENT