रूस-यूक्रेन ने एक-दूसरे पर किए हमले; कीव में एक की मौत, रूस में भी कई हताहत
क्या है खबर?
रूस और यूक्रेन ने एक-दूसरे पर हमले किए हैं। यूक्रेन की राज्य आपातकालीन सेवा ने बताया कि रूस द्वारा कीव पर रात भर किए गए हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए हैं। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने इन्हें कीव पर 'सबसे बड़े बैलिस्टिक मिसाइल हमलों' में से एक बताया है। वहीं, यूक्रेन ने भी मॉस्को क्षेत्र पर हमला किया है। इसमें भी एक शख्स की मौत हो गई है।
रूस
यूक्रेन में कहां-कहां हुए हमले?
डिनिप्रोव्स्की जिले में मलबा गिरने से एक छात्रावास में आग लग गई।
देसन्यांस्की जिले में धमाके के चलते एक व्यावसायिक परिसर क्षतिग्रस्त हो गया और कई वाहनों में आग लग गई।
सोलोम्यंस्की में एक सुपरमार्केट की छत और एक आवासीय इमारत में आग लग गई।
दक्षिणपूर्वी जापोरिजिया में एक ड्रोन ने एक यात्री ट्रेन पर हमला किया, जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया।
शेवचेनकिस्की में मलबा गिरने से एक प्रशासनिक भवन के 3 मंजिला हिस्से में आग लग गई।
कीव
हमलों से कीव सबसे ज्यादा प्रभावित
यूक्रेन की राजधानी कीव में रूस ने ई-कॉमर्स गोदामों को निशाना बनाया है। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि इन हमलों से आग लग गई और कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिनमें एक सुपरमार्केट और एक एंटरटेनमेंट सेंटर भी शामिल है।
उन्होंने आगे कहा कि घायलों में से 6 लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जबकि एक व्यक्ति का इलाज घटनास्थल पर ही किया गया।
वहीं, 5 लोगों को क्षतिग्रस्त इमारतों से बचाया गया।
रूस पर हमले
रूस में भी एक की मौत और 61 घायल
मॉस्को में यूक्रेनी ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 61 लोग घायल हुए हैं। क्षेत्रीय गवर्नर आंद्रे वोरोब्योव ने ये जानकारी दी है।
उन्होंने बताया कि 20 घायलों को अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी। वहीं, 9 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि 31 लोगों की हालत मध्यम है।
यूक्रेन ने बताया कि उसकी सेना ने रातभर चले अभियान में काला सागर में रूस के 2 जहाजों पर हमला किया।
बयान
जेलेंस्की बोले- इस हफ्ते रूस ने 1,450 ड्रोन 99 मिसाइलें दागीं
जेलेस्की ने कहा, 'रूस ने कीव पर अपने सबसे बड़े बैलिस्टिक मिसाइल हमलों के दौरान 40 से ज्यादा मिसाइलें और 120 ड्रोन दागे। इस हफ्ते रूस ने यूक्रेन के खिलाफ लगभग 1,450 ड्रोन, 1,640 गाइडेड एरियल बम और अलग-अलग तरह की 99 मिसाइलों का इस्तेमाल किया है। इस हफ़्ते विन्नित्सिया, निप्रो, डोनेट्स्क, जाइटॉमिर, किरोवोहराद, मायकोलाइव, पोल्टावा, खार्किव, खेरसॉन और चेर्कासी इलाके रूसी हमलों की चपेट में आए। प्रभावित सभी लोगों को जरूरी मदद दी जा रही है।'