पीवी सिंधु ने रचा इतिहास, जापान ओपन का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बनीं
क्या है खबर?
भारतीय स्टार महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने जापान ओपन सुपर-750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मेजबान देश की खिलाड़ी अकाने यामागुची को लगातार 2 सेट में 21-17, 21-17 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने बड़ा इतिहास रच दिया। वह जापान ओपन का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। सिंधु करीब 2 साल बाद BWF वर्ल्ड टूर के किसी बड़े टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला खेलने उतरी थी।
मुकाबला
सिंधु ने पहले सेट से ही बना ली थी बढ़त
फाइनल मुकाबले में सिंधु ने पहले सेट से ही यामागुची पर दबाव बनाना शुरू कर दिया था।
उन्होंने यामागुची को मुकाबले में वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया।
पहले सेट में एक बार यामागुची 5-4 से आगे हुई थी, लेकिन उसके बाद सिंधु ने बेहतरीन खेल दिखते हुए 50 मिनट के अंदर ही 2 सेटों में उन्हें 21-17, 21-17 से हराकर इतिहास रच दिया।
इस खिताबी जीत ने सिंधु के साथ पूरे भारत का गौरव बढ़ाया है।
राहत
सिंधु ने खत्म किया 19 महीनों से चला आ रहा जीत का सूखा
यह जीत सिंधु के लिए बेहद भावुक और बड़ी है, क्योंकि इससे उनका 19 महीने लंबा खिताबी जीत का सूखा खत्म हो गया है।
सिंधु की आखिरी जीत 2024 के सैयद मोदी इंटरनेशनल बैडमिंटन टूर्नामेंट में आई थी।
चोटों और खराब फॉर्म से जूझने के बाद 31 वर्षीय सिंधु की इस जीत ने बैडमिंटन जगत को यह कड़ा संदेश दिया है कि वे अभी भी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में लौट आई हैं और बड़े स्तर पर प्रतिस्पर्धा का दमखम रखती है।
रिकॉर्ड
सिंधु ने ये रिकॉर्ड किए अपने नाम
इस खिताबी जीत से सिंधु ने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं। वह जापान ओपन का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी (पुरुष या महिला) बनी हैं।
यह सिंधु के करियर का पहला सुपर 750 स्तर का खिताब है। साल 2019 में विश्व चैंपियनशिप का स्वर्ण पदक जीतने के बाद यह सिंधु के करियर की अब तक की सबसे बड़ी खिताबी जीत है।
वह विश्व नंबर-3 यामागुची को सीधे गेमों में हराने वाली चुनिंदा खिलाड़ियों में शुमार हुई हैं।