रूस का सैन्य बजट 19.57 लाख करोड़ रुपये, कैंसर उपचार में 97 प्रतिशत कटौती
यूक्रेन युद्ध लंबा खिंचने के कारण रूस अपने रक्षा बजट में भारी रकम लगा रहा है। 2027 तक सेना पर 204 अरब डॉलर (लगभग 19.57 लाख करोड़ रुपये) खर्च करने की उसकी योजना है। इस बड़े खर्च को पूरा करने के लिए सरकार ने शिक्षा और सामाजिक कार्यक्रमों में कटौती की है। इसका मतलब है कि स्कूलों और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए पहले से कम पैसा मिलेगा, ताकि युद्ध के बढ़ते खर्चों को पूरा किया जा सके।
रूस के कैंसर विरोधी कार्यक्रम के बजट में 97 प्रतिशत की कटौती
स्वास्थ्य और शिक्षा के बजट में 5 प्रतिशत से ज्यादा की कमी आने वाली है, जबकि सामाजिक कार्यक्रमों के बजट में 6 प्रतिशत से ज्यादा की कटौती होगी। सबसे बड़ी मार कैंसर विरोधी कार्यक्रम पर पड़ी है, जिसे 97 प्रतिशत की भारी-भरकम बजट कटौती का सामना करना पड़ेगा। बड़े बजट घाटे को भरने के लिए रूस ने कई टैक्स बढ़ाने का भी प्रस्ताव दिया है। इसमें बैंक जमा और संपत्ति की बिक्री पर ब्याज दरें शामिल हैं। अनुमान है कि 2027 तक सरकारी कर्ज देश के कुल सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के 20 प्रतिशत से ऊपर निकल जाएगा। यह दिखाता है कि मुश्किल आर्थिक समय में भी सेना का खर्च देश की घरेलू जरूरतों से ज्यादा अहम माना जा रहा है।