रूस का यूक्रेन पर बड़ा हमला; 656 ड्रोन और 73 मिसाइलें दागीं, 18 की मौत
क्या है खबर?
रूस ने यूक्रेन पर ड्रोन और मिसाइलों से भीषण हमला किया है, जिसमें कम से कम 18 लोग मारे गए और 100 से अधिक घायल हो गए हैं। यूक्रेन के जापोरिजिया, खार्किव और निप्रोपेत्रोव्स्क क्षेत्रों पर रातभर हमले किए हैं। इस दौरान यूक्रेन के सैन्य-औद्योगिक परिसरों, बिजली आपूर्ति सुविधाओं और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। युद्ध शुरू होने के बाद से इसे सबसे बड़े हमलों में से एक बताया जा रहा है।
नुकसान
कहां-कितने लोग मारे गए?
यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूस ने 73 मिसाइलें और 656 ड्रोन दागे। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने कहा कि 6 लोग मारे गए और कम से कम 65 लोग घायल हुए, जिनमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। वहीं, दक्षिणी शहर निप्रो में 12 लोग मारे गए और लगभग 35 घायल हो गए। रूसी सीमा के निकट स्थित पूर्वी शहर खार्किव में भी 15 लोग घायल हुए हैं।
बयान
जेलेंस्की ने पश्चिमी देशों से मदद की अपील की
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने कहा, 'यह एक बड़े पैमाने का हमला था और रूस की तरफ से बिल्कुल साफ संदेश था: अगर यूक्रेन को बैलिस्टिक और दूसरी मिसाइल हमलों से नहीं बचाया गया, तो ये हमले जारी रहेंगे। यूरोप को अपनी खुद की एंटी-बैलिस्टिक सुरक्षा प्रणाली की जरूरत है, ताकि इस युद्ध को खत्म किया जा सके। हम अपने साझेदारों के सहयोग और आज के हमले पर प्रभावी जवाबी कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।'