यूक्रेन के रिहायशी इलाकों में रूसी मिसाइल और ड्रोन का हमला, 11 की मौत
रूस ने बुधवार को यूक्रेन पर मिसाइलों और ड्रोन से कई हमले किए। इन हमलों में कम से कम 11 लोगों की जान चली गई और दर्जनों लोग घायल हुए।
ये हमले राजधानी कीव समेत 12 जगह हुए हैं, जिसमें रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया है। हमलों से घरों और बिजली आपूर्ति को काफी नुकसान पहुंचा है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने इसे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए 'जन्मदिन का तोहफा' कहा और बताया कि यह जारी संघर्ष की एक कड़वी याद दिलाता है।
जेलेंस्की ने जोर देकर कहा कि यूक्रेन में घरों और जरूरी बुनियादी ढांचों को भविष्य में हमलों से बचाने के लिए तुरंत हवाई रक्षा प्रणालियों की जरूरत है।
यूक्रेन पर करीब 70 मिसाइलों से हमला
इन हमलों में करीब 70 मिसाइलें शामिल थीं, जिनमें बैलिस्टिक मिसाइलें भी थीं। इसके साथ ही शाहेद ड्रोन का भी इस्तेमाल किया गया।
यूक्रेन की वायु रक्षा प्रणालियों ने कुछ को तो रोक दिया, लेकिन कई मिसाइलें और ड्रोन अपने निशाने तक पहुंचने में कामयाब रहे।
चेर्निहाइव के प्रिलुकी इलाके में एक मिसाइल ने एक अपार्टमेंट बिल्डिंग को तबाह कर दिया। इस हमले में 5 लोगों की मौत हुई और 26 लोग घायल हुए, जिनमें 5 बच्चे भी शामिल थे।
रूसी मिसाइल हमलों से निप्रो में 5 अपार्टमेंट बिल्डिंग और क्रेमेनचुक में 4 ऊंची इमारतें भी क्षतिग्रस्त हुईं। क्रेमेनचुक में इन हमलों में 2 लोगों की जान गई और 8ठ लोग घायल हुए।