ट्रंप और पुतिन के बीच डीजल समझौते का अमेरिकी-भारतीय सांसद ने विरोध किया
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी डीजल निर्यात पर लगे प्रतिबंधों को हटाकर अमेरिकी डीजल की कीमतों को कम करने के अपने प्रयासों को तेज कर दिया है। हालांकि, इसका विरोध हो रहा है।
भारतीय अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने ट्रंप पर रूस से डीजल खरीदने के उनके हालिया कदम को लेकर निशाना साधा है। कृष्णमूर्ति ने चेतावनी दी है कि इस कदम से रूस को यूक्रेन के खिलाफ चल रहे युद्ध के लिए पैसा मिल सकता है।
उनका यह भी कहना है कि इससे ईंधन की कीमतों में भी कोई खास कमी नहीं आएगी। यह आलोचना ऐसे समय में सामने आई है जब रूसी तेल पर लगे बड़े प्रतिबंधों की समय सीमा नजदीक आ रही है।
कृष्णमूर्ति ने ट्रंप के सौदे को बताया 'सीधा खतरा'
हाउस इंटेलिजेंस कमेटी के सदस्य कृष्णमूर्ति ने एक्स पर ट्रंप के इस सौदे को 'अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सीधा खतरा' बताया।
उन्होंने पिछली ईंधन मूल्य वृद्धि को ट्रंप के 'ईरान के साथ अवैध युद्ध' से भी जोड़ा था। इसी बीच, भारत और चीन जैसे बड़े खरीदारों पर जल्द ही नए प्रतिबंध लगने वाले हैं, जिससे वैश्विक ऊर्जा बाजार में तनाव बढ़ता ही जा रहा है।
बता दें कि ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि रूस अमेरिका और वैश्विक बाजारों को तुरंत 3 लाख मीट्रिक टन से अधिक डीजल की आपूर्ति करेगा।
ट्रंप की घोषणाओं के बाद सोमवार को अमेरिकी कीमतों में 0.5 प्रतिशत की गिरावट आई है।