कैलिफोर्निया में कैटालिना द्वीप के पास एयर एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त, उड़ान भरते ही समुद्र में गिरा
अमेरिका में कैलिफोर्निया के लॉस एंजिल्स काउंटी में कैटालिना द्वीप के पास एक रीच एयर एंबुलेंस का हेलीकॉप्टर समुद्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
हेलीकॉप्टर ने बुधवार रात कैटालिना आइलैंड के एवलॉन शहर से उड़ान भरी थी और कुछ ही सेकेंड के अंदर समुद्र में गिर गया। उड़ान भरने के सिर्फ 8 सेकंड बाद ही इसका संपर्क टूट गया था।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इस हेलिकॉप्टर में कुल 5 लोग सवार थे। अभी 3 लोगों को बचाने की खबर है।
लॉस एंजिल्स काउंटी और यूएस कोस्ट गार्ड ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया
पेब्ली बीच के पास लॉस एंजिल्स काउंटी और अमेरिकी तटरक्षक बल की बचाव टीमों ने तुरंत मोर्चा संभाला। तटरक्षक बल की नावों ने 3 लोगों को सुरक्षित बचा लिया है। बाकी 2 लोगों का पता भी ऊपर से लगा लिया गया है। हालांकि, उनकी स्थिति की जानकारी नहीं है।
स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि कई एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं और हेलिकॉप्टर में सवार सभी की सलामती के लिए प्रार्थना कर रही हैं।