Page Loader
अमेरिका में भारतीय मूल की महिलाओं पर नस्लीय हमला, आरोपी गिरफ्तार
भारतीय महिलाओं पर अमेरिका में नस्लीय टिप्पणियां

अमेरिका में भारतीय मूल की महिलाओं पर नस्लीय हमला, आरोपी गिरफ्तार

Aug 26, 2022
11:13 am

क्या है खबर?

अमेरिका में भारतीय-अमेरिकी महिलाओं के एक समूह को नस्लभेदी हमले का सामना करना पड़ा है। यहां एक मैक्सिकन महिला ने न सिर्फ इन महिलाओं के साथ बदसलूकी की बल्कि मारपीट करने के बाद शूट करने की भी धमकी दी। यह घटना बुधवार को टेक्सास के डल्लास में हुई। आरोपी महिला टेक्सास के प्लानो की रहने वाली एस्मेराल्डा उप्टन के तौर पर हुई है और पुलिस ने उसे चोट पहुंचाने और आतंकी धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

वीडियो

घटना की वीडियो वायरल

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें मैक्सिकन मूल की यह महिला अपशब्द कहते हुए सुनी जा रही है। इसमें महिला कहती है कि वह भारतीयों से नफरत करती है। भारतीय हर कहीं मौजूद है। भारतीय लोग अमेरिका इसलिए आते हैं क्योंकि उन्हें बेहतर जीवन की तलाश होती है। वो भारत में अच्छी जिंदगी नहीं जी रहे होते हैं। इसके बाद आरोपी महिला कैमरा और रिकॉर्डिंग बंद करने को कहती है।

जानकारी

विरोध करने पर मारपीट पर उतर आई आरोपी महिला

भारतीय-अमेरिकी महिला इस नस्लीय हमले का विरोध करती हैं। जब वो आरोपी के कहने पर कैमरा बंद नहीं करती हैं तो मैक्सिकन महिला उनके साथ मारपीट पर उतर आती है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, एक रेस्टोरेंट की पार्किंग में मैक्सिकन महिला की गुंडागर्दी के दौरान एक भारतीय-अमेरिकी महिला पुलिस को फोन कर देती है। इसके बाद पुलिस आकर महिला को गिरफ्तार कर लेती है। आरोपी महिला पर 10,000 डॉलर का जुर्माना भी लगाया गया है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिये वीडियो

जानकारी

महिला ने बताई आपबीती

नस्लीय हमले का सामना करने वाली महिलाओं में से एक रानी बनर्जी ने बताया कि वो पिछले 29 सालों से डल्लास में रह रही है, लेकिन इससे ज्यादा शर्मिंदगी और डर उन्हें पहले कभी महसूस नहीं हुआ। उन्होंने फेसबुक पर लिखा कि दोस्तों के साथ डिनर का अंत एक डरावने अनुभव के साथ हुए। शराब के नशे में चूर एक महिला ने नस्लीय टिप्पणियां की और हमला भी किया। शुक्र है कि पुलिस समय पर पहुंच गई।

बयान

"बिना उकसावे वाले हमले ने हमें और डरा दिया है"

बनर्जी के साथ मौजूद रही एक और महिला बिदिशा रुद्र ने बताया कि बहुत लोग पूछ रहे हैं कि इस महिला को ऐसे बर्ताव के लिए क्या उकसावा मिला? इसका जवाब है कुछ नहीं। उन्होंने फेसबुक पर लिखा, 'हम आपस में बात कर रही थीं, तभी वह महिला और नस्लीय टिप्पणियां करने लगे। वह बार-बार आकर हमें अपमानित कर रही थी। बिना उकसावे वाले इस हमले ने हमें और ज्यादा डरा दिया है।'

जानकारी

अमेरिकी नेता ने दी प्रतिक्रिया

एशियाई मूल की अमेरिकी नेता रीमा रसूल ने प्रतिक्रिया देते हुए आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा चलाने की मांग की है। उन्होंने लिखा कि यह डरावना अनुभव है। इस महिला के पास गन थी वह भारतीय मूल की महिलाओं को शूट करना चाहती थी।