व्हाइट हाउस से न्यूयॉर्क तक दिवाली की दिखी रौनक, ट्रंप ने जलाया दीप
अमेरिका में दिवाली का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने व्हाइट हाउस में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया, जहां उन्होंने भारतीय-अमेरिकी समुदाय के सदस्यों के साथ दीप जलाया।
उन्होंने दिवाली को 'रोशनी का त्योहार' बताते हुए कहा, "आज, मैं अपने महान राष्ट्र में दिवाली मना रहे सभी अमेरिकियों को अपनी हार्दिक शुभकामनाएं भेजता हूं।"
बता दें कि व्हाइट हाउस परिसर में पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज डब्लू बुश के समय से दिवाली का त्योहार मनाया जा रहा है, लेकिन व्हाइट हाउस के अंदर दिवाली मनाने की शुरूआत आधिकारिक तौर पर बराक ओबामा के समय पर हुई थी।
सिएटल में भारत विरोधी प्रदर्शन के बीच मनाई गई दिवाली
अमेरिका भर में दिवाली के कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। मोंटाना में सांस्कृतिक संध्याओं से लेकर न्यूयॉर्क शहर तक, जहाँ अब दिवाली को आधिकारिक तौर पर स्कूल कैलेंडर में शामिल कर लिया गया है।
सिएटल जैसे कुछ शहरों में भारत-विरोधी भावनाओं को दर्शाने वाले विरोध-प्रदर्शन भी देखने को मिले, लेकिन इन सबके बीच दिवाली समारोह एकता और शांति के संदेश पर ही केंद्रित रहे।
इस दौरान कई सांसदों ने भी सोशल मीडिया पर त्योहार की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपने प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल एकजुटता का संदेश देने और बढ़ते तनाव को कम करने की बात कहने के लिए किया।