रजत पाटीदार राइजिंग स्टार्स एशिया कप से हुए बाहर, रिंकू सिंह होंगे उपकप्तान
क्या है खबर?
रजत पाटीदार को ACC राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया-A टीम से बाहर किया गया है। दरअसल, पाटीदार ने BCCI को सूचित किया है कि उन्हें 50 ओवर के प्रारूप के लिए चयन प्रक्रिया में शामिल न किया जाए, क्योंकि वह अपनी मौजूदा चोटों से उबर रहे हैं। ऐसे में आयुष बडोनी को टीम में शामिल किया है। ये टूर्नामेंट 19 नवंबर से शुरू होना है।
बयान
रिंकू सिंह होंगे उपकप्तान
पाटीदार की गैरमौजूदगी में रिंकू सिंह को इस टीम का उपकप्तान बनाया गया है। बता दें कि तिलक वर्मा इस टीम का नेतृत्व करेंगे।
BCCI ने बयान जारी करते हुए कहा, "पाटीदार को ACC राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया-A टीम से हटा दिया गया है। पुरुष चयन समिति ने रिंकू सिंह को उप-कप्तान नियुक्त किया है, जबकि पाटीदार की जगह आयुष बडोनी को टीम में शामिल किया गया है।"
चोट
BCCI ने चोट के विषय में नहीं दी है ज्यादा जानकारी
अक्टूबर 2025 में बाएं घुटने की समस्या के कारण पाटीदार का घरेलू सीजन प्रभावित हुआ था।
इससे पहले IPL 2025 के दौरान उनकी उंगली में चोट लग गई थी।
BCCI ने यह नहीं बताया है कि उन्हें अभी किस तरह की चोटें हैं, और न ही उनके ठीक होने के समय के बारे में कोई जानकारी दी है।
वह हाल ही में रणजी ट्रॉफी मैच में खेलते हुए नजर आए थे।
टीम
ऐसी है भारतीय टीम
चयनकर्ताओं ने युवा और टी-20 विशेषज्ञों का बेहतरीन संतुलन तैयार किया है। टीम में वैभव सूर्यवंशी के अलावा अभिषेक शर्मा जैसे आक्रामक बल्लेबाज हैं।
राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए इंडिया-A की टीम: अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (कप्तान), रिंकू सिंह (उपकप्तान), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, शाहबाज अहमद, विप्रज निगम, हर्ष दुबे, तनुष कोटियन, हर्षित राणा, प्रिंस यादव, अरशद खान और आयुष बडोनी।
कार्यक्रम
20 नवंबर को अपने कार्यक्रम की शुरुआत करेगी भारतीय टीम
इंडिया-A टीम अपने अभियान की शुरुआत 20 नवंबर को वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल स्टेडियम में नेपाल-A के खिलाफ मुकाबले से करेगी।
उसके बाद 22 नवंबर को इसी मैदान पर चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान-A के खिलाफ मुकाबला खेला जाएगा।
24 नवंबर को इंडिया-A टीम यूनिवर्सिटी ऑफ दोहा फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी मैदान पर UAE से मुकाबले के लिए उतरेगी।
ग्रुप चरण के इन मुकाबलों के बाद सेमीफाइनल और फाइनल की स्थिति स्पष्ट होगी।