लंदन में जहरीली हवा WHO की सीमा से 8 गुना ज्यादा, मेयर ने किया अलर्ट
लंदन की हवा में प्रदूषण का स्तर चिंताजनक रूप से बढ़ गया है। सप्तांहत पर हुई आतिशबाजी, अलाव और दिवाली के जश्न के बाद यहां प्रदूषित धूल के खतरनाक कण PM2.5 का स्तर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा तय सुरक्षित सीमा से 8 गुना ज्यादा हो गया है।
मेयर सादिक खान ने मंगलवार के लिए पूरे शहर में अलर्ट जारी किया है। उन्होंने स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों समेत सभी लोगों से सावधानी बरतने और जब तक हवा खराब है, तब तक बाहर कम समय बिताने की अपील की है।
लंदनवासियों से बगीचे में आग न जलाने की अपील
प्रदूषण बढ़ने की वजह सप्ताहांत पर धूमधाम से हुए जश्न को माना जा रहा है। इसके अलावा, शांत हवाओं और कोहरे की वजह से गंदी हवा शहर के ऊपर ही ठहर गई।
विशेषज्ञों का कहना है कि घरों में लकड़ी जलाना और गाड़ियों से निकलने वाला धुआं भी प्रदूषण के बड़े कारण हैं। मेयर खान ने लंदन के लोगों से अपील की है कि वे अपनी गाड़ियां खड़ी करते समय इंजन बंद रखें और फिलहाल बगीचे में कचरा न जलाएं।
ग्लोबल एक्शन प्लान की कैंपेन डायरेक्टर लारिसा लॉकवुड का सुझाव है कि भविष्य में हालात को बिगड़ने से रोकने के लिए स्वास्थ्य जोखिमों के बारे में जागरूकता अभियान चलाए जाएं और खराब हवा वाले दिनों में 'बर्न अलर्ट' जारी किए जाएं।