LOADING...
पाकिस्तान-ईरान के बीच आज अहम बैठक, युद्धविराम और दूसरे दौर की वार्ता पर होगी चर्चा  
पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर तेहरान पहुंचे हैं

पाकिस्तान-ईरान के बीच आज अहम बैठक, युद्धविराम और दूसरे दौर की वार्ता पर होगी चर्चा  

लेखन आबिद खान
Apr 16, 2026
12:24 pm

क्या है खबर?

ईरान और अमेरिका में एक ओर तनाव बढ़ता जा रहा है, तो दूसरी ओर कूटनीतिक प्रयास भी जारी हैं। पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर बीती रात ईरान पहुंचे हैं। वे युद्धविराम और दूसरे दौर की वार्ता को लेकर अमेरिका का संदेश लेकर तेहरान गए हैं। आज ईरान और पाकिस्तान के अधिकारियों के बीच अहम बैठक होने जा रही है। इसमें युद्धविराम और विवादित मुद्दों पर अहम सहमति बनने की संभावना है।

बैठक

रिपोर्ट में दावा- दोनों देश समझौते के करीब पहुंच रहे

पाकिस्तान के सेना प्रमुख मुनीर अपने साथ आंतरिक मंत्री मोहसिन नकवी और कई अन्य अधिकारियों का एक प्रतिनिधिमंडल लेकर तेहरान पहुंचे हैं। बीते दिन उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मुलाकात की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुनीर ने अमेरिका का संदेश अराघची को दिया है। अल जजीरा के अनुसार, इस प्रक्रिया से परिचित अधिकारियों ने संकेत दिया कि चर्चाएं एक समझौते के करीब पहुंच रही हैं, खासतौर पर यूरेनियम संवर्धन और ईरान के मौजूदा भंडार के प्रबंधन पर।

अमेरिका

अमेरिका ने दिए दूसरे दौर की वार्ता के संकेत

हाल ही में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि दुनिया को अद्भुत 2 दिनों के लिए तैयार रहना चाहिए क्योंकि ईरान के साथ युद्ध समाप्त होने के करीब है। ट्रंप ने यह भी कहा था कि उनके वार्ताकार संभवतः पाकिस्तान लौटेंगे, जिसका श्रेय काफी हद तक मुनीर द्वारा किए जा रहे 'शानदार काम' को जाता है। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव ने पत्रकारों से कहा, "हमें समझौते की संभावनाओं पर पूरा भरोसा है।"

Advertisement

नाकेबंदी

अमेरिका बोला- ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी अभी भी जारी

अमेरिकी सेना ने कहा कि सभी ईरानी बंदरगाहों पर उसकी नौसैनिक नाकाबंदी अभी भी प्रभावी है, और अमेरिकी सेना सतर्क और अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए तैयार है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने बताया कि इस नाकेबंदी के कारण बुधवार तक 9 जहाजों को वापस लौटना पड़ा। ईरान के संयुक्त सैन्य कमान के कमांडर अली अब्दुल्लाही ने धमकी दी है कि अगर अमेरिका ने नाकाबंदी नहीं हटाई तो वह लाल सागर और ओमान सागर के रास्ते व्यापारिक जहाजों को रोक देगा।

Advertisement

इजरायल

इजरायल और लेबनान में 34 साल बाद सीधी वार्ता

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने दावा किया है कि इजरायल और लेबनान के नेता आज बातचीत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच तनाव कम करने के लिए यह पहल की जा रही है और करीब 34 साल बाद इस स्तर पर संवाद हो सकता है। इससे पहले 1993 में दोनों देशों के बीच बातचीत हुई थी। हालांकि, लेबनान के एक अधिकारी ने कहा है कि दोनों देशों में बैठक की कोई जानकारी उपलब्ध नहीं है।

Advertisement