आलिया संग अनबन की खबरों पर बॉबी देओल बोले- लोग वेल्ले बैठे, साबित नहीं कर सकता
क्या है खबर?
बॉबी देओल इन दिनों आगामी फिल्म 'बंदर' को लेकर चर्चा में हैं, जो 5 जून को रिलीज हाे रही है। इसके अलावा उन्हें आलिया भट्ट की फिल्म 'अल्फा' में देखा जाएगा जिसमें शरवरी भी मुख्य किरदार में शामिल हैं। कुछ वक्त पहले सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि फिल्म के सेट पर बॉबी और आलिया के बीच अनबन हुई थी। फैंस ने भी दोनों सितारों के बीच तनाव होने की अटकलें लगाईं। अब बॉबी ने खुद प्रतिक्रिया दी है।
हैरानी
आलिया भट्ट संग अनबन की खबरों से हैरान हुए बॉबी देओल
इंडिया टीवी से बातचीत में, बॉबी ने कहा, "मुझे भी एक दोस्त ने भेजा उसे अफवाह का स्नैपशॉट। मैं भी हैरान हो गया। लोग इतने वेल्ले (खाली) हैं कि कुछ भी लिख देते हैं।" उन्होंने आलिया की तारीफ करते हुए कहा, "आलिया बहुत अच्छी अभिनेत्री हैं और बेहद पेशेवर हैं। वह बहुत मेहनत करती हैं। आलिया ने सभी फाइट सीक्वेंस के लिए पूरी तैयारी की थी। तो मुझे समझ नहीं आया कि किसने ये सब अफवाहें लिखकर क्या सोचा।"
सच
"मैं किसी को साबित नहीं कर सकता"
बाॅबी ने अफवाहों पर आगे कहा, "मैं किसी को ये साबित करने के लिए इधर-उधर नहीं घूम सकता। इसलिए ये सच नहीं है। लोग इंस्टाग्राम से प्रभावित रहते हैं, लेकिन उन पर 90 प्रतिशत कहानियां सही नहीं होतीं।" बता दें, 'अल्फा' यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला प्रधान फिल्म है। अनिल कपूर भी इसका हिस्सा हैं। खबरों के अनुसार, आलिया इसमें हत्यारे के किरदार में नजर आ सकती हैं। फिल्म 10 जुलाई को रिलीज हो सकती है।