LOADING...
पाकिस्तान: कराची में अमेरिकी दूतावास पर भीड़ का हमला, गोलीबारी में 10 की मौत
अयातुल्ला खामेनेई की मौत के विरोध में पाकिस्तान के कराची में भीड़ ने अमेरिकी दूतावास पर हमला कर दिया है

पाकिस्तान: कराची में अमेरिकी दूतावास पर भीड़ का हमला, गोलीबारी में 10 की मौत

Mar 01, 2026
02:17 pm

क्या है खबर?

इजरायल-अमेरिका के हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई की मौत के बाद पाकिस्‍तान में जमकर बवाल हो रहा है। रविवार को कराची में हिंसक भीड़ ने अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर हमला कर दिया। ऐसे में पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इस दौरान पुलिस की गोलीबारी में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 अन्य घायल हो गए। सिंध के गृहमंत्री जियाउल हसन लंचर ने इस पूरे बवाल पर रिपोर्ट मांगी है।

घटना

कराची में कैसे घटी यह पूरी घटना?

पाकिस्‍तान के जियो टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, खामेनेई की मौत का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारी एमटी खान रोड स्थित अमेरिकी वाणिज्य दूतावास के बाहर जमा हुए और परिसर में घुसने की कोशिश करते हुए पथराव कर दिया। पुलिस ने पहले लाठाचार्ज और आंसू गैस के गोले दागे, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस को गोलीबारी करनी पड़ी। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई और 30 से अधिक लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार जारी हे।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें भीड़ के हमले का वीडियो

Advertisement

आदेश

गृह मंत्री लंचर ने दिए सुरक्षा बढ़ाने के आदेश

सिंध के गृहमंत्री लंचर ने इस पूरे मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और दूतावास की सुरक्षा कड़ी करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं है। इधर, पाकिस्तानी अधिकारियों और अमेरिकी अधिकारियों ने हताहतों की संख्या की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है, लेकिन मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें पुलिस कार्रवाई का वीडियो

प्रदर्शन

पूरे कराची में शुरू हुए विरोध प्रदर्शन

इससे पहले, खामेनेई की मौत पर शोक व्यक्त करने के लिए कराची भर की मस्जिदों और इमामबाड़ों में शोक मनाने वाले लोग एकत्र हुए, जिसके बाद प्रदर्शन नशीम चौक सहित कई इलाकों में फैल गया। कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने प्रदर्शनकारियों को विदेशी राजनयिक सुविधाओं तक पहुंचने से रोकने के लिए सड़कों को बंद कर दिया और अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया। वर्तमान में मौके पर हालात बेहद तनावपूर्ण बने हैं और इलाके के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।

अशांति

क्षेत्रीय तनाव से अशांति उत्पन्न हुई

कराची में अशांति ईरान पर अमेरिका और इजरायल के संयुक्त हमलों में खामेनेई की कथित हत्या के बाद क्षेत्रीय तनाव बढ़ने के बीच हुई है। इस घटना ने कई देशों में विरोध प्रदर्शनों को जन्म दिया है। सुरक्षा अधिकारियों ने कहा कि शनिवार देर रात तक स्थिति अस्थिर बनी रही और अधिकारी वाणिज्य दूतावास क्षेत्र के आसपास व्यवस्था बहाल करने के प्रयास जारी रखे हुए थे। प्रदर्शनकारियों में अमेरिकी दूतावास अधिकारियों के खिलाफ रोष भरा है।

Advertisement