पाकिस्तानी सरकार ने खैबर पख्तूनख्वा में आपातकाल लागू किया, इमरान की पार्टी की सरकार बर्खास्त
क्या है खबर?
पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आपातकाल लागू कर दिया है। राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बढ़ते आतंकी हमलों का हवाला देते हुए आपातकाल की घोषणा कर दी है। इसी के साथ प्रांत में चल रही इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) की सरकार को भी बर्खास्त कर दिया गया है। खैबर-पख्तूनख्वा इकलौता प्रांत था, जहां इमरान की पार्टी की सरकार थी।
आदेश
प्रांत में गवर्नर शासन लागू
राष्ट्रपति जरदारी ने संविधान के अनुच्छेद 232(1) और 234(1) के तहत यह आदेश जारी किया है।
इसके लागू होते ही मुख्यमंत्री, प्रांतीय मंत्री, सलाहकार, विशेष सहायक और एडवोकेट जनरल को अपने पद तुरंत खाली करने का आदेश दिया गया है।
खैबर पख्तूनख्वा विधानसभा के अधिकार अब पाकिस्तान की संसद या उसके अधीन किसी प्राधिकरण द्वारा चलाए जाएंगे।
प्रांत के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी इमरान की रिहाई की मांग को लेकर 4 अक्टूबर से इस्लामाबाद की ओर मार्च निकाल रहे थे।
PTI
फैसले पर भड़की PTI
PTI के अध्यक्ष गौहर अली खान ने इसे अलोकतांत्रिक कदम और राजनीतिक भूल कहा है।
उन्होंने कहा, "आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई की आड़ में अपने राजनीतिक मकसद हासिल करने की कोशिश हो रही है। हम प्रांत की संवैधानिक शक्तियों को कम करने के इस बहाने को कबूल नहीं करेंगे।"
यह घटनाक्रम ऐसे वक्त सामने आया है, जब PTI इमरान की रिहाई के लिए मार्च निकाल रही है। सरकार के इस कदम से आंदोलन और भड़क सकता है।