अमेरिका के न्यू जर्सी में किशोर ने फुटपाथ पर चल रहे 6 छात्रों पर SUV चढ़ाई
अमेरिका के न्यू जर्सी में एक 16 साल के लड़के ने लिंडनवॉल्ड हाई स्कूल के पास फुटपाथ पर चल रहे 6 छात्रों को अपनी SUV से टक्कर मार दी।
लिंडनवॉल्ड पुलिस ने बताया कि 14 से 16 वर्ष की आयु के हाई स्कूल के छात्रों का एक समूह ई-गिब्सबोरो रोड के किनारे चल रहा था, तभी एक वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
यह हादसा CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया था। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई और सभी सुरक्षित बच गए। छात्रों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
टक्कर के बाद एक छात्र को एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया
हादसे के बाद कम से कम एक छात्र कार के नीचे फंसा हुआ मिला। उसे इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर अस्पताल ले जाया गया।
एक स्थानीय किराना दुकान के कर्मचारी डेनिस वुडली ने देखा कि किशोर ड्राइवर वहां से भागने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने पुलिस के आने तक उसे वहां से जाने से रोका।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ड्राइवर को हिरासत में ले लिया। साथ ही, एक अज्ञात यात्री को भी वहीं रोक लिया गया।
स्कूल की सुपरिटेंडेंट क्रिस्टिन ओ'नील ने इसे एक 'दुर्घटना' बताया। उन्होंने सभी से अपील की है कि वे छात्रों और उनके परिवारों का साथ दें ताकि वे इस मुश्किल वक्त से उबर सकें।