UN में 180 देशों से टकराया भारत, इजरायल के साथ क्यों ठुकराया क्षेत्रीय हथियार प्रस्ताव?
संयुक्त राष्ट्र (UN) के एक ऐसे प्रस्ताव के खिलाफ सिर्फ भारत और इजरायल ने वोट डाला, जिसमें खास इलाकों में हथियारों को कम करके शांति समझौते कराने की बात कही गई थी। पाकिस्तान और बेलारूस ने यह प्रस्ताव पेश किया था, जिसे 180 देशों का समर्थन हासिल हुआ। हालांकि, भारत और इजरायल इस प्रस्ताव से दूर रहे और इसके खिलाफ मतदान किया।
भारत के UN राजनयिक ने क्षेत्रीय सोच को नकारा
UN में भारत के स्थायी प्रतिनिधिमंडल के प्रथम सचिव अनमोल शेर बेदी ने बताया कि हथियारों पर नियंत्रण सिर्फ कुछ इलाकों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह एक वैश्विक मसला है। उन्होंने कहा कि UN पहले ही दिशा-निर्देशों, सिफारिशों और 1993, 1999 और 2017 के तीन सर्वसम्मति वाले फैसलों में इस मुद्दे पर बात कर चुका है। ऐसे में इसे फिर से उठाने की जरूरत क्या है, उन्होंने इस पर सवाल उठाया। भारत ने इस सोच को भी गलत बताया कि सुरक्षा से जुड़ी चिंताओं को सिर्फ दक्षिण एशिया जैसे किसी एक इलाके में बांधकर नहीं देखा जा सकता।