एनवीडिया जासूसी कांड: अब कहां हैं कथित चीनी जासूस एलिस हुआंग?
क्या है खबर?
दिग्गज चिप कंपनी एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसेन हुआंग कथित तौर पर हनीट्रैप का शिकार हो गए हैं। उन्होंने सिंगापुर की एक कंपनी की शीर्ष महिला अधिकारी एलिस हुआंग से प्रेम संबंधों की बात स्वीकार की है। माना जा रहा है कि एलिस कथित तौर पर चीन की जासूस थीं। इस खुलासे के बाद सवाल उठ रहा है कि एलिस फिलहाल कहां हैं। आइए इस सवाल का जवाब जानने की कोशिश करते हैं।
चीन
चीन में मानी जा रही एलिस की मौजूदगी
खबरों के मुताबिक, एलिस चीन लौट गई हैं। इसके बाद से उन्हें सार्वजनिक तौर पर नहीं देखा गया है।
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट ने एलिस से मिले 2 लोगों के हवाले से बताया कि इस साल की शुरुआत तक वे चीन में ही थीं।
रिपोर्ट के मुताबिक, एलिस ने कथित तौर पर अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट डिलीट कर दिए गए हैं और उनसे फोन पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है।
ताइवान
हांगकांग के पासपोर्ट के जरिए ताइवान आई थीं एलिस
ताइवान की आव्रजन एजेंसी ने कहा है कि एलिस ने ताइवान में प्रवेश करने के लिए हांगकांग के पासपोर्ट का इस्तेमाल किया था।
ताइवान के गृह मंत्री लियू शिह-फांग ने कहा कि एलिस ने 'देश में प्रवेश किया था, लेकिन वह वर्तमान में विदेश में हैं'।
लियू ने संसद में कहा, "अगर हमें पता होता कि वह एक जासूस है, तो हम निश्चित रूप से उसे ताइवान में प्रवेश नहीं करने देते।"
चीन का जवाब
चीन ने एलिस की मौजूदगी के बारे में चुप्पी साधी
एलिस की मौजूदगी के बारे में चीन ने कोई जवाब नहीं दिया है।
हाल ही में जब एक पत्रकार ने पूछा कि क्या एलिस चीनी नागरिक हैं और इस समय वह कहां हैं, तो चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि उनके चीनी जासूस होने के दावे पूरी तरह से अटकलें, दुष्प्रचार और मानहानि हैं।
चीन ने कहा कि वो इस मामले पर पहले ही जवाब दे चुका है।
परिचय
एलिस के बारे में अब तक क्या-क्या पता है?
माना जाता है कि एलिस का जन्म चीन के हुनान प्रांत के एक ग्रामीण इलाके में हुआ था। उन्होंने चीन के सरकारी मीडिया CCTV में बतौर पत्रकार काम किया।
इसके बाद वे हांगकांग गईं, जहां उन्होंने हांगकांग बैपटिस्ट विश्वविद्यालय में मीडिया स्टडीज की पढ़ाई की।
बाद में एलिस ने लंदन स्थित वैश्विक बैंकिंग फर्म HSBC और चीनी सरकारी स्वामित्व वाले वित्तीय समूह CITIC में काम किया। हालांकि, इस बारे में कोई सार्वजनिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है।