Loading...
अमेरिका: पन्नू हत्याकांड की साजिश में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 19 साल की सजा
पन्नू हत्याकांड से जुड़ी कथित साजिश में भारतीय नागरिक को सजा

अमेरिका: पन्नू हत्याकांड की साजिश में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 19 साल की सजा

लेखन आबिद खान
Nov 21, 2026
09:09 am

क्या है खबर?

खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश से जुड़े कथित मामले में दोषी पाए गए भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को सजा का ऐलान हो गया है। अमेरिका की एक अदालत ने निखिल को 19 साल 7 महीने जेल की सजा सुनाई है। न्यूयॉर्क के दक्षिणी जिले में अमेरिकी डिस्ट्रिक्ट जज विक्टर मारेरो ने करीब 80 मिनट सुनवाई के बाद यह आदेश पारित किया। सुनवाई के दौरान पन्नू भी कोर्ट में मौजूद था।

माफी

सुनवाई के दौरान निखिल ने पन्नू से माफी मांगी

सुनवाई के दौरान निखिल ने कोर्ट में पन्नू से माफी भी मांगी। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने किए का अफसोस है और वे इसे बदल नहीं सकते।

उन्होंने कहा, "मैंने जो किया, उसे बदल नहीं सकता। मैं पन्नू, सिख समुदाय और इससे जुड़े लोगों से माफी मांगता हूं। मुझे अफसोस है। मेरे इस कदम के चलते मेरी पत्नी, मां और बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है, जबकि मैंने कुछ नहीं किया।"

पन्नू का बयान

पन्नू ने कहा- 1,200 दिनों से काम नहीं कर पाया

सुनवाई के दौरान पन्नू और सिख समुदाय से जुड़े लोग भी कोर्ट में मौजूद थे। बाहर उनके समर्थक निखिल और दूसरे आरोपियों के पुतले लेकर आए थे।

पन्नू ने करीब 20 मिनट तक अपना पक्ष कोर्ट में रखा। उसने कहा, "हत्या की साजिश का खुलासा होने के बाद से मैं 1,200 दिनों से ज्यादा समय तक सामान्य तरीके से वकालत का काम नहीं कर पाया हूं।"

बता दें कि पन्नू के पास अमेरिकी और कनाडाई नागरिकता है।

ADVERTISEMENT