Loading...
नेपाल बाढ़ में 600 बच्चे लापता; स्कूल नष्ट, संचार व्यवस्था ठप होने से तलाशी में परेशानियां
नेपाल बाढ़ के बाद कम से कम 600 बच्चे लापता हैं

नेपाल बाढ़ में 600 बच्चे लापता; स्कूल नष्ट, संचार व्यवस्था ठप होने से तलाशी में परेशानियां

लेखन आबिद खान
Sep 04, 2026
11:36 am

क्या है खबर?

नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद 5,300 से ज्यादा लोग लापता हैं। इनमें करीब 600 बच्चे हैं, जिन्हें ढूंढने में खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, जिन स्कूलों से अधिकारियों को बच्चों का पता लगाने में मदद मिलती थी, वे या तो बह गए हैं या नष्ट हो गए हैं। साथ ही ठप पड़े संचार नेटवर्क ने भी बच्चों की तलाशी के काम को और मुश्किल बना दिया है।

रिपोर्ट

12 स्कूल पूरी तरह तबाह

रिपोर्ट के मुताबिक, कम से कम 12 स्कूल पूरी तरह नष्ट हो गए हैं। इनमें से 4 रसुवा और 8 नुवाकोट में हैं। बचाव अभियान 9 दिनों से जारी है, लेकिन इन दोनों जिलों से करीब 600 बच्चों का अभी तक कोई पता नहीं है।

संचार व्यवस्था ठप होने से लापता लोगों खासतौर पर बच्चों के सत्यापन प्रक्रिया में मुश्किलें आ रही हैं। इसके चलते अधिकारी स्कूलों, अधिकारियों, परिवारों और बचाव दल से मिली अधूरी जानकारी पर निर्भर हैं।

बयान

अधिकारी बोले- संचार व्यवस्था ठप होने से आ रही परेशानी

नुवाकोट शिक्षा विकास एवं समन्वय इकाई के प्रमुख सूर्य बहादुर खत्री ने काठमांडू पोस्ट से बात करते हुए कहा, "हम लापता छात्रों के सत्यापित आंकड़े जुटाने के लिए प्रधानाध्यापकों के साथ सक्रिय रूप से संपर्क में हैं, लेकिन संचार व्यवस्था ठप होने से परेशानी आ रही है। हालांकि कुछ लापता छात्रों का पता लगा लिया गया है, लेकिन स्कूलों से लापता बच्चों की नई रिपोर्टें लगातार आ रही हैं। अनुमान है कि हमारे जिले में करीब 300 छात्र लापता हैं।"

ADVERTISEMENT

UNICEF

UNICEF का अनुमान- 17,000 बच्चे प्रभावित हुए

UNICEF ने अनुमान लगाया है कि रसुवा, नुवाकोट और धाडिंग में आई अचानक बाढ़ से कम से कम 17,000 बच्चे प्रभावित हुए हैं। संयुक्त राष्ट्र एजेंसी ने कहा कि आपदा के तुरंत बाद बच्चों को मानवीय सहायता की तत्काल जरूरत है।

वहीं, काठमांडू पोस्ट से एक प्रधानाचार्य ने कहा, "पूरा स्कूल परिसर एक बंजर नदी के किनारे में तब्दील हो गया है। ऐसा लगता है मानो हम पाषाण युग में वापस चले गए हों।"

ADVERTISEMENT

आंकड़े

बाढ़ से 1,200 से ज्यादा लोगों की मौत

नेपाल बाढ़ में अब तक 1,282 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि राहत और बचाव दलों ने 12,038 लोगों को सुरक्षित निकाला है।

आज त्रिशूली-3A जलविद्युत परियोजना की सुरंग से 2 मजदूर जिंदा बचाए गए हैं। इनकी पहचान संजय साह और कबीर महर्जन के रूप में हुई है। माना जा रहा है कि कई और मजदूर सुरंग में फंसे हुए हैं।

वहीं, भारत ने 7वीं बार नेपाल को मदद भेजी है।

ADVERTISEMENT