LOADING...
नेपाल में 60 प्रतिशत हुआ मतदान, Gen-Z आंदोलन से उभरे बालेन शाह को जबरदस्त समर्थन
नेपाल में Gen-Z आंदोलन से उभरे बालेन शाह को जबरदस्त समर्थन

नेपाल में 60 प्रतिशत हुआ मतदान, Gen-Z आंदोलन से उभरे बालेन शाह को जबरदस्त समर्थन

लेखन गजेंद्र
Mar 06, 2026
10:07 am

क्या है खबर?

नेपाल के राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में गुरुवार को 60 प्रतिशत मतदान हुआ है। अब मतगणना चल रही है। शुरूआती रूझान में बालेंद्र शाह (बालेन) की राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) को बढ़त मिलती दिख रही है। पिछले साल नेपाल में हुए Gen-Z आंदोलन से उभरे काठमांडू के पूर्व मेयर और रैपर बालेन की पार्टी प्रतिनिधि सभा की दौड़ में निर्णायक बढ़त बनाए हुए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के नेतृत्व वाली नेपाल कम्युनिस्ट पार्टी (एमाले) काफी पीछे है।

चुनाव

कौन-सी पार्टी कितनी सीटों पर आगे?

नेपाली संसद (प्रतिनिधि सभा) की 275 सीटों में 165 सीटों का चुनाव प्रत्यक्ष मतदान यानी सीधे चुनाव से होता है, जबकि 110 सीटें आनुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली का उपयोग करके आवंटित की जाती हैं। इसमें 165 सीटों के चुनाव में बाले की RSP 52 सीटों पर आगे है। देश की सबसे पुरानी पार्टी नेपाली कांग्रेस 5 सीटों पर आगे है। नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (एमाले) 4 सीट पर और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) केवल 2 सीट पर आगे है।

चुनाव

ओली पर भारी पड़ रहे बालेन

नेपाल के झापा-5 से बालेन और ओली एक-दूसरे को टक्कर दे रहे हैं, जिसमें बालेन उनसे आगे निकलते दिख रहे हैं। यहां बालेन को 1,478 और ओली को 385 मत मिले हैं। रुकुम पूर्व-1 सीट पर नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के उम्मीदवार और पूर्व प्रधानमंत्री पुष्पकमल दहाल आगे हैं। यहां नेपाली कांग्रेस और एमाले पीछे है। सर्लाही-4 सीट से नेपाली कांग्रेस के गगन कुमार थापा आगे हैं और RSP पीछे हैं। थापा नेपाली कांग्रेस से प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार हैं।

Advertisement

मतदान

पिछले सालों के मुकाबले कम हुआ मतदान

नेपाल में पिछले सालों के मुकाबले, इस साल मतदान काफी कम हुआ है। काठमांडू पोस्ट के मुताबिक, वर्ष 2022 में 61.63 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2013 में सबसे अधिक 78.34 प्रतिशत मतदान हुआ था। वर्ष 2017 में 68.67 प्रतिशत, 2008 में 61.70 प्रतिशत, 1999 में 65.79 प्रतिशत, 1994 में 61.86 प्रतिशत और 1991 में 65.15 प्रतिशत मतदान हुआ था। इस बार, कई पहाड़ी क्षेत्रों में चुनाव आयोग की टीम खाली पेटी वापस लौट आई। कोई मतदान करने नहीं आया।

Advertisement

चुनाव

नेपाल में कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ मतदान

नेपाल के चुनाव में प्रत्यक्ष 3,406 उम्मीदवार और आनुपातिक प्रतिनिधित्व चुनाव में 3,135 उम्मीदवार हैं। प्रत्यक्ष उम्मीदवारों में 3,017 पुरुष और 388 महिलाएं हैं। चुनाव में लगभग 65 राजनीतिक दल चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें शीर्ष पद के लिए 3 मुख्य दावेदार हैं। इसमें बालेन, नेपाली कांग्रेस का नेतृत्व कर रहे गगन थापा, पूर्व प्रधानमंत्री केपी ओली और पुष्प कमल दहल शामिल हैं। चुनाव के लिए लगभग 3,30,000 सुरक्षाकर्मी तैनात हैं, जिनमें नेपाली सेना के 80,000 अधिकारी शामिल हैं।

पहचान

कौन हैं बालेन शाह?

बालेन शाह पूर्व रैपर, स्ट्रक्चरल इंजीनियर और काठमांडू महानगरपालिका के 15वें मेयर (2022-2026) रहे हैं।बालेन नेपाल के अंडरग्राउंड हिप-हॉप सीन के स्टार रहे हैं। वे नेपाल की पारंपरिक राजनीति को चुनौती देने वाले स्वतंत्र उम्मीदवार के रूप में प्रसिद्ध हुए और वर्तमान में RSP से जुड़े हैं। उनकी लोकप्रियता सोशल मीडिया, भ्रष्टाचार विरोध और मेयर रहते हुए साहसिक फैसलों के कारण बनी है। उन्होंने भारत के कर्नाटक स्थित विश्वेश्वरैया टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से स्ट्रक्चरल इंजीनियरिंग में मास्टर किया है।

Advertisement