पूर्वी अफ्रीकी देश जिबूती में नाव हादसे में मृतकों की संख्या 139 हुई, 84 प्रवासी लापता
पूर्वी अफ्रीकी देश जिबूती में 300 से अधिक प्रवासियों को ले जा रही एक नाव के पलटने से हुई मृतकों की संख्या बढ़कर 139 हो गई है।
अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन ने बताया कि अभी 84 लोग लापता हैं। यह नाव 8 अक्टूबर को 305 लोगों को लेकर यमन जाने के लिए निकली थी, लेकिन, सफर शुरू करने के कुछ ही घंटों बाद ओबोक बंदरगाह के पास पलट गई।
बचाव दल लगातार कोशिशों में जुटे हैं, हालांकि इस बड़ी त्रासदी के चलते बचाव अभियान चलाना बेहद मुश्किल हो रहा है।
इथियोपिया के बचे लोगों को ओबोक में IOM की मदद मिल रही है
ओबोक में बचाए गए 80 से ज़्यादा इथियोपियाई लोगों को अब इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन फॉर माइग्रेशन (IOM) की तरफ से डॉक्टरी और मानसिक सहायता मिल रही है।
IOM ने सुरक्षित प्रवास के तरीकों पर ज़ोर देते हुए कहा है कि बेहतर ज़िंदगी की तलाश में खाड़ी पार करने वाले लोगों के लिए यह यात्रा कितनी खतरनाक साबित होती है।
IOM के जिबूती मिशन के प्रमुख एलेक्जेंडर कोइसाक ने कहा, "यह एक भयावह त्रासदी है। हमारी संवेदनाएं मृतकों और उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है या जिनके रिश्तेदारों के बारे में अभी तक कोई खबर नहीं है।"