Loading...
अफ्रीकी देश जिबूती में प्रवासियों की नाव डूबी, 15 बच्चों समेत 109 की मौत
जिबूती से यमन जा रही नाव समुद्र में पलटी, 109 की मौत

अफ्रीकी देश जिबूती में प्रवासियों की नाव डूबी, 15 बच्चों समेत 109 की मौत

लेखन आबिद खान
Oct 11, 2026
04:59 pm

क्या है खबर?

अफ्रीकी देश जिबूती के तट के पास एक भयावह हादसा हो गया है। यहां प्रवासियों से भरी एक नाव डूब गई, जिसमें 109 लोगों की मौत हो गई, जबकि 116 लोग लापता हैं। बताया जा रहा है कि नाव में करीब 350 लोग सवार थे। वहीं, हादसे में 80 से ज्यादा लोगों को बचा लिया गया है। अंतरराष्ट्रीय प्रवासन संगठन (IOM) ने बताया कि नाव जिबूती से यमन जा रही थी। मृतकों में 15 बच्चे भी शामिल हैं।

हादसा

8-9 अक्टूबर की रात हुआ हादसा

IOM के मुताबिक, हादसा 8 और 9 अक्टूबर की दरमियानी रात जिबूती के ओबॉक शहर के उत्तर में हुआ। अब तक 109 शव बरामद किए गए हैं। इनमें 52 पुरुष, 42 महिलाएं और 15 बच्चे शामिल हैं।

वहीं, जिन 80 लोगों को बचाया गया है, वे सभी इथियोपिया के नागरिक हैं।

दर्जनों लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में IOM की टीमें जिबूती के अधिकारियों के साथ काम कर रही हैं।

प्रवासी

यमन के रास्ते खाड़ी देशों तक पहुंचने की उम्मीद में थे प्रवासी

IOM ने बताया कि प्रवासी इस रास्ते के जरिए बाब अल मंदेब जलडमरूमध्य होते हुए यमन तक जाते हैं। वहां से वे खाड़ी देशों में जाने की कोशिश करते हैं।

IOM ने कहा कि गरीबी, असुरक्षा और जलवायु परिवर्तन का बढ़ता असर लोगों को यह सफर करने के लिए मजबूर कर रहा है।

जिबूती में IOM के मिशन प्रमुख एलेक्जेंडर कोइसाक ने कहा कि उनकी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपने लोगों को खोया है।

ADVERTISEMENT