ऑस्ट्रेलियाई सांसद हेलेन हेन्स को एक कार ने टक्कर मारी, आरोपी के पास से चाकू मिला
ऑस्ट्रेलिया में विक्टोरिया की इंडी सीट से स्वतंत्र संघीय सांसद हेलेन हेन्स सोमवार दोपहर को एक हादसे का शिकार हो गईं। वह गंभीर रूप से घायल हैं। उनका इलाज चल रहा है।
हादसा दोपहर को तब हुआ, जब वह वांगराटा में अपने निर्वाचन क्षेत्र के कार्यालय के बाहर पार्किंग में खड़ी कार से कुछ सामान निकाल रही थीं, तभी एक सफेद टोयोटा लैंडक्रूजर ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे में उनके निचले शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज ने कहा कि हेन्स पर वांगराटा में मर्फी स्ट्रीट स्थित उनके निर्वाचन क्षेत्र कार्यालय के बाहर हमला किया गया था।
अधिकारियों ने इस मामले को हमले के रूप में लिया
पुलिस ने घटनास्थल से ही 43 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी टोयोटा गाड़ी से एक चाकू भी बरामद किया गया।
अधिकारी इस घटना को 'हमला' मानकर जांच कर रहे हैं और राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियां भी इसमें शामिल हो गई हैं। प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने हेन्स को 'अपने समुदाय का एक बहुत ही प्रिय सदस्य' बताते हुए कहा कि इस घटना से उनके समुदाय को गहरा सदमा लगेगा।
वहीं, हेन्स के परिवार ने मौके पर मदद करने वालों और आपातकालीन सेवाओं का धन्यवाद किया और निजता बनाए रखने की अपील की।
बता दें कि संघीय सांसदों और अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तियों के खिलाफ धमकियों में वृद्धि हुई है। 2025-26 वित्तीय वर्ष में, अधिकारियों द्वारा 1,060 से अधिक मामले दर्ज किए गए, जो पिछले वर्ष के लगभग 950 मामलों से अधिक हैं।