यात्री विमान से 500 मीटर दूर गिरीं मिसाइलें, अदन हवाई अड्डे पर टला बड़ा हादसा
दुनिया
यमन के बंदरगाह शहर अदन के एयरपोर्ट के पास 2 मिसाइलें गिरीं। ये मिसाइलें एक यात्री विमान से महज 500 मीटर दूर थीं, जो उड़ान भरने की तैयारी में था। इस हमले के पीछे ईरान समर्थित हूथी विद्रोहियों का हाथ माना जा रहा है। राहत की बात यह रही कि इसमें किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ। दस दिनों से भी कम समय में इस एयरपोर्ट को दूसरी बार निशाना बनाया गया है।
सैन्य ठिकाने को बनाया गया निशाना
यह मिसाइल हमला यमन सरकार और हूथी विद्रोहियों के बीच चल रहे बड़े संघर्ष का एक हिस्सा है। इस हमले से ठीक एक दिन पहले, अदन के महल परिसर पर हुए एक हूथी हमले में कम से कम 5 लोग मारे गए थे। एक हूथी अधिकारी के मुताबिक, उन्होंने हवाई अड्डे के पास स्थित एक सैन्य ठिकाने को निशाना बनाया था, जिसका इस्तेमाल सऊदी के नेतृत्व वाली सेनाएं करती हैं। इन लगातार हमलों के कारण इलाके में तनाव बना हुआ है।