Page Loader
न्यूयॉर्क में ब्रुकलिन ब्रिज से टकराया मेक्सिकन नौसेना का जहाज; 200 लोग थे सवार, 19 घायल
न्यूयॉर्क में मेक्सिकन नौसेना का जहाज ब्रुकलिन ब्रिज से टकरा गया है

न्यूयॉर्क में ब्रुकलिन ब्रिज से टकराया मेक्सिकन नौसेना का जहाज; 200 लोग थे सवार, 19 घायल

लेखन आबिद खान
May 18, 2025
09:48 am

क्या है खबर?

मेक्सिको की नौसेना का एक जहाज 'कुआओतेमोक' न्यूयॉर्क में ब्रुकलिन ब्रिज से टकरा गया है। ये प्रशिक्षण जहाज ईस्ट रिवर से गुजर रहा था, तभी उसका ऊपरी हिस्सा पुल से टकरा गया। हादसे के वक्त जहाज में 200 लोग सवार थे, जिनमें से 19 को चोटें आई हैं। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि जहाज जब पुल के नीचे से गुजर रहा था, उसी दौरान उसके विशाल मस्तूल पुल से टकरा गए।

गंभीर

घायलों में 4 की हालत गंभीर

न्यूयॉर्क के अग्निशमन विभाग ने पुष्टि की है कि वे ब्रुकलिन ब्रिज से जहाज की टक्कर में हुई चोटों की रिपोर्ट पर कार्रवाई कर रहे हैं। CNN के अनुसार, न्यूयॉर्क शहर के मेयर एरिक एडम्स ने बताया कि कुल 19 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग ने बताया कि जहाज ने रात 8:26 बजे पुल को टक्कर मारी थी और कई लोगों को सहायता दी जा रही है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखें घटना के वीडियो

बयान

नौसेना ने कहा- घटना की जांच की जा रही 

मेक्सिको की नौसेना ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'प्रशिक्षण जहाज 'कुआउटेमोक' ब्रुकलिन ब्रिज के साथ दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हो गया है, जिसके कारण उसकी यात्रा रुक गई है। नौसेना और स्थानीय अधिकारी कर्मियों और सामग्री की स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं और सहायता प्रदान की जा रही है। नौसेना सचिव कर्मियों की सुरक्षा, संचालन में पारदर्शिता और मेक्सिकन नौसेना के भावी अधिकारियों के लिए उत्कृष्ट प्रशिक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराती है।'

पुल

घटना में पुल को कोई नुकसान नहीं

मेयर एडम्स ने कहा कि ब्रुकलिन ब्रिज को कोई नुकसान नहीं हुआ है। घटना के बाद पुल की सभी लेन कुछ समय के लिए बंद की गई थीं। वहीं, न्यूयॉर्क तटरक्षक बल ने कहा कि टक्कर के परिणामस्वरूप जहाज के 2 मस्तूलों के ऊपरी हिस्से टूट गए और जहाज पर सवार कई लोग घायल हो गए। तटरक्षक बल ने बताया कि जहाज पर सवार सभी कर्मियों को बचा लिया गया है और घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।

प्लस

न्यूजबाइट्स प्लस

कुआओतेमोक जहाज की लंबाई 297 फीट और चौड़ाई 40 फीट है। यह 1982 में लॉन्च किया गया स्टील पतवार वाला 3 मस्तूल वाला जहाज है। मेक्सिको के नौसेना मिलिट्री स्कूल के कैडेट्स को इस पर प्रशिक्षण दिया जाता है। इस साल 6 अप्रैल को यह मेक्सिको के अकापुल्को बंदरगाह से 277 लोगों के साथ रवाना हुआ था। जहाज को 15 देशों के 22 बंदरगाहों पर रुकना था। जहाज कुल 254 दिनों के सफर पर था।