चीन में कोयला खदान में धमाका, 82 लोगों की मौत की खबर
क्या है खबर?
चीन से बड़ी खबर सामने आ रही है। वहां के चांग्जी शहर में लियुशेन्यु कोयला खदान में धमाका होने से कम से कम 82 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 9 मजदूर अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना से पहले खदान में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के लीक होने का अलर्ट जारी किया गया था। इसके तुरंत बाद धमाका हो गया। हादसे के वक्त खदान में 247 मजदूर काम कर रहे थे।
अभियान
870 कर्मी बचाव अभियान में जुटे
चीन के पीपुल्स डेली के अनुसार, खदान में फंसे 156 मजदूरों को बचा लिया गया है। अभियान में कुल 870 चिकित्सा कर्मी, बचावकर्मी और पुलिस अधिकारी लगे हुए हैं। अभी तक घटना की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि खदान में कार्बन मोनोऑक्साइड का स्तर निर्धारित सीमा से ज्यादा हो गया था। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बयान
राष्ट्रपति ने दिए त्वरित बचाव अभियान के आदेश
चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने बचाव दल को निर्देश दिया कि वे लापता मजदूरों का पता लगाने के लिए हर संभव प्रयास करें। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। शी ने कहा, "सभी क्षेत्रों और विभागों को इस दुर्घटना से सबक सीखना चाहिए, सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना चाहिए, गहन जांच करनी चाहिए, जोखिमों और छिपे हुए खतरों को दूर करना चाहिए और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए दृढ़ता से काम करना चाहिए।"
घटना
हिरासत में लिए गए खदान कंपनी के अधिकारी
यह धमाका शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार शाम 7:29 बजे हुआ था। पहले 4 लोगों के मारे जाने की खबर थी, लेकिन जैसे-जैसे बचाव अभियान तेज हुआ, मृतकों की संख्या बढ़ती गई। चीन की समाचार एजेंसी शिन्हुआ ने बताया कि लियुशेन्यु खदान का प्रबंधन करने वाली कंपनी के अधिकारियों को हिरासत में ले लिया गया है। हालांकि, अभी इन पर लगाए आरोपों के बारे में कोई और जानकारी सामने नहीं आई है।
प्रांत
चीन का अहम कोयला खनन केंद्र है शानक्सी प्रांत
यह घटना चीन के कोयला खनन का केंद्र माने जाने वाले शानक्सी प्रांत में हुई है। क्षेत्रफल के लिहाज से ग्रीस से भी बड़ा ये प्रांत चारों ओर से जमीन से घिरा है। य़हां की आबादी करीब 3.4 करोड़ है। इस प्रांत को चीन का प्रमुख कोयला उत्पादक क्षेत्र माना जाता है। पिछले साल यहां 1.3 अरब टन कोयले का खनन हुआ था, जो चीन के कुल राष्ट्रीय उत्पादन का लगभग एक तिहाई है।