Loading...
ब्याज दरों को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने केंद्रीय बैंक को घेरा, क्यों की भारत की तारीफ?
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने ब्याज दरों को लेकर फेडरल रिजर्व की आलोचना की

ब्याज दरों को लेकर डोनाल्ड ट्रंप ने केंद्रीय बैंक को घेरा, क्यों की भारत की तारीफ?

लेखन आबिद खान
Nov 21, 2026
09:40 am

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर देश के केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व पर निशाना साधा है। इस बार उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था का उदाहरण देते हुए ब्याज दरें कम करने की मांग की है। ट्रंप ने कहा, "अमेरिका में ब्याज दरें बहुत ज्यादा हैं, क्योंकि वहां का फेडरल रिजर्व राजनीतिक तरीके से काम कर रहा है। जब भी अमेरिका अच्छे आर्थिक आंकड़े पेश करता है, तो फेडरल रिजर्व ब्याज दरें बढ़ा देता है, जबकि इसका उलटा होना चाहिए।"

बयान

ट्रंप बोले- भारत को देखें

ट्रंप ने कहा, "अगर अमेरिका में ब्याज दरें कम की जाएं, तो GDP वृद्धि दर 4 प्रतिशत के बजाय 15 से 20 प्रतिशत तक पहुंच सकती है और अमेरिका अपना कर्ज भी तेजी से चुका सकता है। भारत में ब्याज दरें कम हैं और GDP वृद्धि दर 7 प्रतिशत है। अगर अमेरिका में भी ऐसा हो, तो उसकी GDP वृद्धि दर 14, 15 या शायद 20 प्रतिशत तक पहुंच सकती है।"

ब्याज दरें

अमेरिका में सबसे कम ब्याज दरें होनी चाहिए- ट्रंप

ट्रंप ने आगे कहा, "वैश्विक अर्थव्यवस्था में अमेरिका की अहम भूमिका है। अमेरिका दूसरी अर्थव्यवस्थाओं को सफल बनाने में मदद करता है। कुछ देश खुद को आर्थिक रूप से बहुत ताकतवर मानते हैं, लेकिन उनकी सफलता में अमेरिका का योगदान है। वे इसलिए अमेरिका में ब्याज दरें दुनिया के दूसरे देशों के मुकाबले सबसे कम होनी चाहिए। यह दुख की बात है कि जब हम इतना अच्छा प्रदर्शन कर रहे होते हैं, तब वे ब्याज दरें बढ़ा देते हैं।"

ADVERTISEMENT

महंगाई

फेडरल रिजर्व के लक्ष्य से ऊपर बनी हुई महंगाई दर

ट्रंप की ये टिप्पणियां फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति की उनकी लगातार आलोचना के बीच आई हैं।

फिलहाल अमेरिका में महंगाई दर फेडरल रिजर्व के 2 प्रतिशत के लक्ष्य से काफी ऊपर बनी हुई है। आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में वार्षिक पर्सनल कंजम्पशन एक्सपेंडिचर (PCE) महंगाई दर 3.6 प्रतिशत थी, जबकि कोर PCE महंगाई दर 3.1 प्रतिशत रही। इसमें खाद्य और ऊर्जा की कीमतें शामिल नहीं होती हैं।

ट्रंप इसे लेकर लगातार फेडरल रिजर्व की आलोचना करते रहे हैं।

ADVERTISEMENT

अन्य मुद्दे

ट्रंप ने ईरान, एनवीडिया समेत कई मामलों पर की टिप्पणी

ट्रंप ने दोहराया कि वह ईरान के साथ समझौता करना चाहते हैं, लेकिन ऐसी शर्तें स्वीकार नहीं करेंगे जिन्हें वो अपर्याप्त मानते हैं।

ट्रंप ने क्वाड की आर्थिक ताकत की तारीफ करते हुए रणनीतिक संभावनाओं पर जोर दिया।

ट्रंप ने एनवीडिया के पूर्व CEO जेन्सेन हुआंग की कंपनी में वापसी का भी समर्थन किया।

ट्रंप ने अमेरिका की सबसे आधुनिक कम्प्यूटर चिप्स के निर्यात पर रोक लगाने की बात कही।

ADVERTISEMENT