LOADING...
लेबनान और इजरायल के बीच अगले हफ्ते शांति वार्ता, अमेरिका करेगा मेजबानी
लेबनान के कई शहरों पर इजरायल लगातार हमले कर रहा है

लेबनान और इजरायल के बीच अगले हफ्ते शांति वार्ता, अमेरिका करेगा मेजबानी

लेखन आबिद खान
Apr 10, 2026
04:08 pm

क्या है खबर?

पश्चिम एशिया संकट के बीच लगातार बैठकों के दौर जारी हैं। एक तरफ इस्लामाबाद में कल ईरान और अमेरिका के बीच शांति वार्ता होने जा रही है। वहीं, दूसरी तरफ अगले हफ्ते अमेरिका में लेबनान और इजरायल के बीच भी अहम बैठक हो रही है। अमेरिकी विदेश विभाग ने कहा है कि वो अगले हफ्ते वॉशिंगटन में इजरायल और लेबनान के बीच वार्ता की मेजबानी करेगा। लेबनान पर लगातार हो रहे इजरायली हमलों के बीच ये घटनाक्रम अहम है।

रिपोर्ट

अमेरिका में इजरायली राजदूत कर सकते हैं प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व

समाचार एजेंसी AFP से बात करते हुए एक अधिकारी ने पुष्टि की कि विदेश विभाग अगले हफ्ते इजरायल और लेबनान के साथ चल रही युद्धविराम वार्ता पर चर्चा करने के लिए एक बैठक आयोजित करेगा। कई इजरायली रिपोर्टों में कहा गया है कि अमेरिका में इजरायल के राजदूत येचिएल लीटर वार्ता में इजरायली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर सकते हैं। हालांकि, अभी लेबनानी प्रतिनिधिमंडल के बारे में जानकारी सामने नहीं आई है।

लेबनान

लेबनान ने भी बैठक में शामिल होने की पुष्टि की

लेबनान ने वॉशिंगटन में होने वाली बैठक में शामिल होने की पुष्टि की है, ताकि संघर्ष-विराम पर चर्चा की जा सके। लेबनान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को यह जानकारी दी है। अधिकारी ने बताया कि बैठक की तारीख अभी तक तय नहीं हुई है। अधिकारी ने कहा, "लेबनान का रुख यह है कि इजरायल के साथ किसी व्यापक समझौते तक पहुंचने के लिए आगे की बातचीत शुरू करने से पहले संघर्ष-विराम एक अनिवार्य शर्त है।"

Advertisement

निर्देश

नेतन्याहू ने अधिकारियों को दिए थे 'सीधी बातचीत' के निर्देश

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को बताया था कि उन्होंने अधिकारियों को लेबनान के साथ सीधी बातचीत शुरू करने का निर्देश दिया है। नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने जितनी जल्दी हो सके बातचीत का आदेश दिया है और कहा कि वार्ता में हिज्बुल्लाह के निरस्त्रीकरण और इजरायल और लेबनान के बीच शांति संबंध स्थापित करने पर चर्चा की जाएगी। नेतन्याहू के बयान के बाद ही बैठक की जानकारी सामने आई है।

Advertisement

हमले

लेबनान में इजरायल के हमले जारी

गुरुवार देर रात इजरायली सेना ने कहा कि उसने लेबनान में हिजबुल्लाह के रॉकेट प्रक्षेपण स्थलों को निशाना बनाना शुरू किया है। आज भी इजरायल ने लेबनान पर हमले किए हैं, जिनमें कम से कम 2 लोगों की मौत हुई है। इजरायली सेना ने एंबुलेंस पर हमला करने की धमकी दी है और कहा कि इनका इस्तेमाल हिज्बुल्लाह कर रहा है। बता दें कि लेबनान में अब तक 1,500 लोगों की मौत हो गई है।

Advertisement