Loading...
पाकिस्तान के सरकारी अधिकारी छोड़ रहे देश, रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने उठाए सवाल
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने दावा किया कि शीर्ष अधिकारी देश छोड़ रहे हैं

पाकिस्तान के सरकारी अधिकारी छोड़ रहे देश, रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने उठाए सवाल

लेखन आबिद खान
Oct 21, 2026
03:34 pm

क्या है खबर?

पाकिस्तान में सेना प्रमुख आसिम मुनीर की बढ़ती ताकत के बीच सत्ताधारी वर्ग का प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की चुनी हुई सरकार से भरोसा उठता दिख रहा है। अब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने नौकरशाहों के बड़े पैमाने पर देश छोड़ने को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से बाहर रहने वाले सरकारी अधिकारियों की संख्या बढ़ रही है और कई अधिकारी सेवा में रहते हुए ही विदेश में बसने की योजना बना रहे हैं।

बयान

आसिफ बोले- कई नौकरशाहों ने विदेश में ठिकाना बनाया

सोशल मीडिया पर आसिफ ने बताया कि पिछले कुछ सालों में पाकिस्तान के कई नौकरशाहों ने कनाडा, अमेरिका, ब्रिटेन और अन्य यूरोपीय देशों को अपना स्थायी ठिकाना बना लिया है।

आसिफ ने कहा, 'इन नौकरशाहों ने पाकिस्तान सरकार में काम करने के दौरान ही, एक सोची-समझी योजना के तहत, विदेश जाने की तैयारी कर ली थी। इससे अपने देश और अपने काम के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल खड़े होते हैं।'

पद

आसिफ का दावा- महत्वपूर्ण पदों पर रहे अधिकारी भी देश छोड़ रहे

एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, आसिफ ने कहा कि हालिया सालों में पुर्तगाल उन पसंदीदा जगहों में से एक है, जहां नौकरशाही पलायन कर रही हैं।

उन्होंने आगे कहा कि इस मामले में जिन अधिकारियों के नाम सामने आए हैं, वे महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं और पिछली सरकारों के करीबी रहे हैं।

उन्होंने नौकरशाहों की प्रतिबद्धता पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या उनके करियर के दौरान पाकिस्तान के प्रति उनकी निष्ठा संदेह से परे रही है।

ADVERTISEMENT