Page Loader
इजरायल: पूर्व विदेश मंत्री इजरायल काट्ज बने रक्षा मंत्री, उनके बारे में जानिए
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इजरायल काट्ज को बनाया रक्षा मंत्री (तस्वीर: एक्स/@alradwannn)

इजरायल: पूर्व विदेश मंत्री इजरायल काट्ज बने रक्षा मंत्री, उनके बारे में जानिए

लेखन गजेंद्र
Nov 06, 2024
08:58 am

क्या है खबर?

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने वफादार योआव गैलेंट को रक्षा मंत्री के पद से बर्खास्त कर दिया है। उनकी जगह इजरायल काट्ज को यह जिम्मेदार दी गई। काट्ज इजरायल के पूर्व विदेश मंत्री हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री नेतन्याहू का दीर्घकालिक सहयोगी और खास बताया जाता है। काट्ज की जगह गिदोन सार नए विदेश मंत्री होंगे। गैलेंट को हटाते हुए मंगलवार को नेतन्याहू ने कहा कि अब उन्हें इजरायल के सैन्य अभियानों में गैलेंट के प्रबंधन पर भरोसा नहीं रहा।

मंत्री

कई कड़े फैसले ले चुके हैं काट्ज

पिछले कुछ महीनों में काट्ज ने विदेश मंत्री रहते हुए कई कड़े फैसले लिए, जिसकी खूब चर्चा हुई। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र (UN) को बताया कि इजरायल UNRWA के साथ अपने समझौतों को रद्द कर रहा है। इससे पहले उन्होंने UN प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस को "इजराइल में अवांछित व्यक्ति" घोषित किया। अक्टूबर में उन्होंने फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के खिलाफ कानूनी कार्यवाही का आदेश दिया क्योंकि पेरिस ने इजरायल को सैन्य-नौसेना व्यापार शो में भाग लेने पर प्रतिबंधित लगाया था।

पहचान

कौन हैं इजरायल काट्ज?

काट्ज का जन्म 1955 में तटीय शहर अश्कलोन में हुआ। वह 1973 में सेना में भर्ती हुए और पैराट्रूपर के रूप में काम किया। उन्होंने 1977 में सेवा छोड़ दी। उन्होंने अपने पूर्ववर्ती गैलेंट के विपरीत, किसी भी वरिष्ठ सैन्य कमांड पद पर काम नहीं किया है, जो 2022 में रक्षा मंत्री बनने से पहले जनरल थे। काट्ज नेतन्याहू की दक्षिणपंथी लिकुड पार्टी में हैं और 1998 से नेसेट (संसद) के सदस्य हैं। वह 2019 में विदेश मंत्री बने थे।