इजरायल ने वरिष्ठ हमास कमांडर को मार गिराया, 7 अक्टूबर हमले की योजना बनाने में था शामिल
क्या है खबर?
इजरायल ने दावा किया है कि उसने हमास के सैन्य विंग के एक वरिष्ठ कमांडर को मार गिराया है। इजरायली सेना और आंतरिक सुरक्षा एजेंसी शिन बेट ने एक संयुक्त बयान में कहा कि IDF और ISA ने हमास के सैन्य विंग में एक वरिष्ठ आतंकवादी को मार दिया है। हमास ने भी अपने एक कमांडर के मारे जाने की पुष्टि की है। हमास के अल-कासम ब्रिगेड के अनुसार, सैन्य नेता समीर अबू यूनिस शनिवार को मारे गए।
बयान
हमास बोला- यूनिस 7 अक्टूबर के हमले के अहम कमांडरों में से थे
हमास के अल-कासम ब्रिगेड ने कहा, "7 अक्टूबर, 2023 को इजरायल पर किए गए हमले की योजना बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सैन्य नेता समीर अबू यूनिस शनिवार को मारे गए। कल शाम एक कायरतापूर्ण हत्या के प्रयास में उनकी हत्या कर दी गई। यूनिस 7 अक्टूबर के हमले की योजना और पर्यवेक्षण में शामिल सबसे महत्वपूर्ण कमांडरों में से एक थे।"
वहीं, IDF ने बाद में और जानकारी देने की बात कही है।
हमला
हमले में 2 लोग घायल भी हुए
समाचार एजेंसी AFP ने एक सुरक्षा सूत्र के हवाले से बताया कि अल-कासम की राफा ब्रिगेड के कमांडर यूनिस की मौत हो गई है। गाजा के खान यूनिस के पश्चिम में अल-मवासी में हुए एक हमले में वे मारे गए।
गाजा के नागरिक सुरक्षा प्रवक्ता महमूद बस्सल ने AFP को बताया कि एजेंसी को 53 वर्षीय यूनिस का शव प्राप्त हुआ है। इसी हमले में गाजा के दक्षिण में 2 लोग घायल भी हुए हैं।