इजरायल में विपक्षी गुट ने नेतन्याहू को हटाना 'सर्वोच्च प्राथमिकता' बताया
क्या है खबर?
इजरायल के संसदीय चुनाव में बहुमत हासिल करने से चूके प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को हटाने के लिए विपक्षी नेता जी-तोड़ कोशिश कर रहे हैं। जेरूसलम पोस्ट के मुताबिक, चुनाव में नेतन्याहू के मुख्य प्रतिद्वंद्वी और याशर पार्टी के प्रमुख गादी आइजनकोट के नेतृत्व वाले विपक्षी गुट ने बुधवार को बैठक की। उन्होंने प्रधानमंत्री पद से नेतन्याहू को हटाना 'सर्वोच्च प्राथमिकता' बताई है। बैठक के बाद उन्होंने एक संयुक्त बयान भी जारी कर 'राष्ट्रीय आपातकालीन सरकार' बनाने की मांग की है।
बैठक
बैठक में कौन-कौन शामिल?
विपक्षी गुट की बैठक में आइजेनकोट के अलावा बी'याचद के नफ़्ताली बेनेट, येश अतीद के याइर लैपिड, द डेमोक्रेट्स के याइर गोलान और यिसराइल बेयतेनु के एविगडोर लिबरमैन शामिल थे।
उन्होंने संयुक्त बयान में कहा कि इस समय इजरायल के सामने सुरक्षा, सामाजिक और अंतरराष्ट्रीय क्षेत्रों में इमरजेंसी की असली स्थिति है।
उन्होंने साथ मिलकर काम करते रहने पर सहमती जताई और मंगलवार को नेसेट स्पीकर के तौर पर मतन कहाना के चुनाव की तारीफ की।
मुलाकात
विपक्षी बैठक से पहले बेनेट नेतन्याहू से मिले
विपक्षी गुट की बैठक से पहले, बेनेट ने नेतन्याहू के साथ अलग बैठक की, जिसको लेकर चर्चा का बाजार गर्म है।
नेतन्याहू के साथ बैठक के बारे में बेनेट ने आइजेनकोट को नहीं बताया था, जिसके कारण विपक्षी गुट की बैठक भी 2 घंटे तक टाली गई।
बैठक के बाद बेनेट ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देने से भी मना कर दिया। बताया जा रहा है कि नेतन्याहू ने बेनेट के साथ सुरक्षा संबंधी मुद्दे पर चर्चा की थी।
गठबंधन
बेनेट के साथियों ने नेतन्याहू के साथ जाने से इनकार किया
विपक्षी नेता बेनेट की नेतन्याहू के साथ बैठक ने सवाल खड़े कर दिए हैं। यह 5 साल से ज़्यादा समय में उनकी पहली बैठक थी।
पूर्व प्रधानमंत्री बेनेट को नेतन्याहू का कट्टर विरोधी माना जाता है। वे पहले नेतन्याहू के साथ थे, लेकिन उनका साथ छोड़कर एक अलग गठबंधन बनाया है।
बेनेट से जुड़े नेताओं का कहना है कि उनका नेतन्याहू के साथ जाने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन दोनों की बातचीत और लंच ने संशय पैदा किया है।