Page Loader
इजरायल और हमास गाजा में युद्ध विराम पर हुए सहमत- रिपोर्ट
इजरायल और हमास गाजा में युद्ध विराम पर सहमत

इजरायल और हमास गाजा में युद्ध विराम पर हुए सहमत- रिपोर्ट

लेखन Manoj Panchal
Jan 15, 2025
10:56 pm

क्या है खबर?

पिछले 15 महीनों से गाजा पट्टी में जारी युद्ध का अंत होता नजर आ रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इजरायल और हमास युद्ध विराम समझौते पर सहमत हो गए हैं। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बुधवार को समझौते के बारे में जानकारी रखने वाले एक अधिकारी के हवाले से बताया कि इजरायल और हमास ने गाजा में लड़ाई रोकने और इजरायली बंधकों के बदले फिलिस्तीनी कैदियों को देने के लिए एक समझौते पर सहमति जताई है।

रिपोर्ट

अमेरिका ने भी की पुष्टि

यह समझौता कतर की राजधानी दोहा में पिछले कई हफ्तों तक चली बातचीत के बाद हुआ। इसमें हमास द्वारा बंधक बनाए गए दर्जनों लोगों को चरणबद्ध तरीके से रिहा करने, इजरायल में सैकड़ों फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करने और गाजा में विस्थापित हुए लाखों लोगों को उनके घरों में वापस लौटने का वादा किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका के अधिकारियों और हमास के एक अधिकारी ने भी इसकी पुष्टि की है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

युद्ध

कैसे शुरू हुआ था युद्ध?

7 अक्टूबर, 2023 को हमास ने अचानक इजरायल पर हजारों रॉकेट दाग दिए थे। फिर हमास के आतंकियों ने जमीनी हमला भी किया। हवाई-जमीनी हमले ने इजरायल को चौंका दिया, जिसे अब तक का घातक हमला माना जाता है। हमले में 1,200 से अधिक इजराइलियों की जान गई और सैकड़ों घायल हुए। 250 से अधिक लोग बंधक बनाए गए। इसके बदले में इजरायल ने गाजा और राफा पर हमले किए, जिसमें 46,000 से अधिक लोगों की जान गई।

गाजा 

गाजा में कैसे हैं हालात?

युद्ध के बाद से ही गाजा गंभीर मानवीय संकट का सामना कर रहा है। इजरायली बमबारी के कारण व्यापक बुनियादी ढांचा नष्ट हो गया है। लगभग 90 प्रतिशत आबादी विस्थापित हो गई है। ईंधन, खाना और चिकित्सा आपूर्ति की गंभीर कमी ने स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर असर पड़ा है। अस्पतालों में जरुरी उपकरण भी नहीं हैं। हाल ही में संयुक्त राष्ट्र ने अकाल की चेतावनी भी दी थी और सहायता की तत्काल आवश्यकता की बात कही थी।