इराक में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई: 2,700 करोड़ का सोना-नकदी बरामद, दर्जनों सांसद और अधिकारी गिरफ्तार
क्या है खबर?
इराक की सरकार ने देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ हालिया समय की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। प्रधानमंत्री अली अल-जैदी खुद इस अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। इस दौरान कम से कम 47 नेताओं को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें कई सांसद और मंत्री भी शामिल हैं। इनके पास से करोड़ों का सोना-चांदी और नकदी बरामद की गई है। ये कार्रवाई ऐसे वक्त हो रही है, जब अगले महीने प्रधानमंत्री जैदी का अमेरिका दौरा प्रस्तावित है।
शुरुआत
28 जून से चल रही कार्रवाई
इस कार्रवाई की शुरुआत 28 जून को इराकी प्रधानमंत्री के आदेश पर हुई थी। इससे ठीक पहले न्यायिक अधिकारियों ने भ्रष्टाचार के संदिग्ध नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे। कुछ गिरफ्तारियां तेल शोधन मामलों के प्रभारी उपमंत्री अदनान अल-जुमैली की गिरफ्तारी के बाद दिए गए बयान के आधार पर की गई हैं। माना जाता है कि अल-जुमैली के बयानों से भ्रष्टाचार में शामिल अधिकारियों के एक बड़े समूह का पर्दाफाश हुआ है।
गिरफ्तारी
किन्हें किया गया गिरफ्तार?
सरकारी समाचार एजेंसी INA ने बताया कि कम से कम 47 अधिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें उप तेल मंत्री अली मारिज भी शामिल हैं, जिन पर भ्रष्टाचार में संलिप्तता के आरोप हैं। अल जजीरा ने बताया कि अल-अज्म गठबंधन के नेता मुथन्ना अल-समर्राई को भी हिरासत में लिया गया है। वहीं, पूर्व सांसद मोहम्मद अल-सयहूद, तेल मंत्रालय में वितरण मामलों के सचिव अली मारिज और पूर्व सरकारी सलाहकार इब्राहिम अल-सुमैदाई को भी गिरफ्तार किया गया है।
अमेरिका
अमेरिका ने मारिज पर लगाए थे प्रतिबंध
मई में अमेरिका ने मारिज पर प्रतिबंध लगा दिए थे। उन पर आरोप था कि उन्होंने ईरानी तेल को इराकी तेल के साथ मिलाकर ईरान को तेल निर्यात में सहायता की थी। उन पर जाली दस्तावेजों के जरिए निर्यात के लिए ईरानी और इराकी कच्चे तेल के मिश्रण को सुविधाजनक बनाने का भी आरोप लगा था। हालांकि, उस समय इराकी तेल मंत्रालय ने इन आरोपों का खंडन किया था, लेकिन अब मारिज पर कार्रवाई हुई है।
छापे
बगदाद के उच्च सुरक्षा वाले ग्रीन जोन में छापे
आतंकवाद विरोधी इकाइयों ने 29 जून को बगदाद के कड़ी सुरक्षा वाले ग्रीन जोन में कई घरों पर छापा मारा। यहां अमेरिकी दूतावास, कई राजनयिक मिशन और उच्च पदस्थ इराकी अधिकारियों के आवास और कार्यालय हैं। एसोसिएटेड प्रेस ने एक सुरक्षा एजेंसी की रिपोर्ट के हवाले से बताया कि यहां से 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 5 शामिल हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में से कुछ पूर्व प्रधानमंत्री मोहम्मद शिया अल-सुदानी के राजनीतिक गुट से थे।
सांसद
घोड़ों से लेकर भारी मात्रा में नगदी बरामद
इराक की एक सांसद आलिया नासिफ के घर से करीब 146 करोड़ रुपये और भारी मात्रा में सोना जब्त किया गया है। वहीं, अब तक 800 करोड़ रुपये की संपत्ति भी जब्त की गई है। इराक के शफाक न्यूज ने बताया कि आज सलादीन और दियाला के बीच एक सुरक्षा चौकी पर जवानों ने एक वाहन के अंदर से 37 करोड़ रुपये बरामद किए हैं। कीमती घोड़ों से भरा एक अस्तबल भी कब्जे में लिया गया है।