इराक को मिला नया नेतृत्व, प्रधानमंत्री मोदी ने भी दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इराक के नए प्रधानमंत्री अली फलीह काधिम अल-जादी को उनके पदभार संभालने पर हार्दिक बधाई दी है। एक्स पर अपनी एक पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा, 'भारत, इराक के साथ अपने पुराने और दोस्ताना संबंधों को बहुत महत्व देता है। हम सभी क्षेत्रों में अपने द्विपक्षीय रिश्तों को और मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।' उन्होंने आगे कहा कि वे दोनों देशों की प्रगति और समृद्धि के लिए मिलकर काम करने को उत्सुक हैं।
अल-जादी इराक के प्रधानमंत्री नियुक्त
पेशे से व्यवसायी अल-जादी, कोऑर्डिनेशन फ्रेमवर्क से जुड़ी पार्टियों के बीच साझा सहमति बनाने के लिए हफ्तों तक चली राजनीतिक बातचीत के बाद प्रधानमंत्री बने हैं। उनकी नियुक्ति को इराक की सरकार के लिए एक नई शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है, जो काफी समय से अंदरूनी खींचतान और बहस में उलझी हुई थी। अब जब उनके मंत्रिमंडल के कुछ हिस्सों और योजनाओं को संसद से हरी झंडी मिल गई है, तो उनकी सरकार ने आधिकारिक तौर पर काम करना शुरू कर दिया है।