अमेरिका की धमकी पर ईरान ने दी चेतावनी, कहा- अभी हमारे भी कुछ अधूरे काम बाकी हैं
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि वह मध्यावधि चुनाव के बाद दोबारा हमले शुरू न करें। उन्होंने एक्स पर लिखा कि ईरान के पास भी "अधूरे काम" बाकी हैं।
उन्होंने लिखा, 'पिछली बार जब आपने काम खत्म करना चाहा था, तो ईरान और भी मजबूत होकर उभरा। क्या आप फिर से अपनी किस्मत आजमाना चाहते हैं? जरूर आजमाइए। लेकिन सावधान रहें, हमारे पास भी कुछ काम अधूरे पड़े हैं।
नेतन्याहू जेल जाने से बचने के लिए अमेरिका को एक और युद्ध में धकेल रहे हैं, भले ही इसके नतीजे इजरायल (और अमेरिकी राष्ट्रपति) के लिए कुछ भी हों।'
यह बयान ऐसे समय आया है, जब राष्ट्रपति ट्रंप ने फिर से हमला करने की धमकी दी थी। अराघची ने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की भी आलोचना की। उनका आरोप है कि नेतन्याहू जेल जाने से बचने के लिए अमेरिका को जानबूझकर युद्ध की आग में धकेल रहे हैं।
ईरान-अमेरिका गतिरोध 8 महीने के करीब
ईरान और अमेरिका के बीच चल रहा टकराव लगभग 2 हफ्तों में 8 महीने पूरे कर लेगा। होर्मुज जलडमरूमध्य, जो कि तेल सप्लाई का एक अहम रास्ता है, उसके बंद होने के बाद अमेरिका में ऊर्जा की कीमतें तेजी से बढ़ गई हैं।
ईरान ने युद्धविराम का प्रस्ताव रखा था, लेकिन ट्रंप ने भरोसा नहीं होने की बात कहकर उसे ठुकरा दिया। इस बीच, संघर्ष में जान गंवाने वाले अमेरिकी सैनिकों की संख्या 21 तक पहुँच चुकी है। इससे पता चलता है कि यह गतिरोध कितना महंगा और बिना किसी हल के बना हुआ है।