जहाजों पर हमले के बाद ईरान की अमेरिका को चेतावनी, कहा- ज्यादा दर्दनाक जवाब देंगे
क्या है खबर?
ईरान ने अमेरिका को चेतावनी देते हुए कहा कि युद्ध में उसके नियम बदल चुके हैं। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, अमेरिका द्वारा खाड़ी में कई ईरानी जहाजों पर हमले के एक दिन बाद ईरान ने "और भी दर्दनाक" जवाबी कार्रवाई की धमकी दी है। ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बगेर गालीबाफ ने कहा कि ईरान के हितों या सुरक्षा पर किसी भी नए हमले का जवाब 'तेज, भारी और ज्यादा दर्दनाक' तरीके से दिया जाएगा।
बयान
गालीबाफ बोले- आनुपातिक प्रतिक्रिया का दौर खत्म हुआ
गालीबाफ ने ईरानी संसद में कहा, "अमेरिकियों को यह समझ आ गया होगा कि 'आनुपातिक प्रतिक्रिया' का युग समाप्त हो गया है। अगर उन्हें अब तक यह बात समझ नहीं आई है, तो उन्हें बहुत देर होने से पहले समझ लेना चाहिए कि खेल के नियम बदल गए हैं। अब से ईरान के हितों और सुरक्षा के खिलाफ किसी भी आक्रामकता का जवाब तेज, भारी और अधिक दर्दनाक तरीके से दिया जाएगा।"
हमले
अमेरिका ने 3 ईरानी जहाजों पर किए थे हमले
गालीबाफ की ये चेतावनी ऐसे वक्त आई है, जब अमेरिका ने खार्ग द्वीप के नजदीक ईरान से जुड़े 3 तेल जहाजों पर हमले किए थे। इसमें एक जहाज पूरी तरह डूब गया था, जबकि 2 निष्क्रिय हो गए।
हमले के बाद अमेरिकी केंद्रीय कमान ने कहा था, 'अमेरिकी सैन्य कर्मियों की सटीकता और व्यावसायिकता के बदौलत, MT काइलो आज ओमान की खाड़ी में डूब गया और समुद्र की तलहटी में ईरान की नौसेना में शामिल हो गया।'