Loading...
ईरान ने कुवैत के जल संयंत्र पर किया हमला, खाड़ी देशों को दी ये चेतावनी
ईरान ने कुवैत के डिसैलिनेशन प्लांट पर हमला किया है (प्रतीकात्मक तस्वीर)

ईरान ने कुवैत के जल संयंत्र पर किया हमला, खाड़ी देशों को दी ये चेतावनी

लेखन आबिद खान
Jul 18, 2026
05:36 pm

क्या है खबर?

ईरान-अमेरिका संघर्ष का ताजा दौर पूर्ण युद्ध की तरफ बढ़ता दिख रहा है। अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने आज खाड़ी देशों पर भीषण हमले किए हैं। ईरान ने कुवैत में समुद्री पानी को पीने योग्य बनाने वाले (डिसैलिनेशन) संयंत्र पर हमला किया है। साथ ही ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने अमेरिकी सेना से जुड़े ठिकानों की मेजबानी करने वाले देशों को 'उचित जवाब' की चेतावनी दी है।

हमला

ईरान ने बिजली और जल संयंत्र को बनाया निशाना

IRGC ने आज सुबह कुवैत में एक बिजली और वाटर डिसैलिनेशन संयंत्र को निशाना बनाया है। इसके बाद बिजली संयंत्र में आग लग गई और कुछ पुर्जे क्षतिग्रस्त हो गए।

24 घंटे के भीतर बिजली और डिसैलिनेशन प्लांट पर ये दूसरा हमला है।

IRGC ने दावा किया है कि उसने कुवैत के अल-अहमदी बंदरगाह पर अमेरिकी नौसेना के फ्यूल सपोर्ट पियर पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला किया है।

चेतावनी

ईरान ने खाड़ी देशों को दी चेतावनी

IRGC ने कहा, "अमेरिकी हमलावर बलों की मेजबानी करने वाले और ईरान पर हमले के लिए अपनी जमीन मुहैया कराने वाले देशों को अपनी धरती पर अमेरिकी हमलों के अनुपात में जवाबी कार्रवाई के लिए तैयार रहना चाहिए।"

IRGC ने इन देशों से नागरिक सुरक्षा उपायों को लागू करने का आग्रह किया और आरोप लगाया है कि उनके क्षेत्रों का इस्तेमाल तेहरान पर हमला करने के लिए किया जा रहा है।

ADVERTISEMENT