LOADING...
ईरान के स्कूल पर हमलों में 165 छात्राओं की मौत के लिए अमेरिका जिम्मेदार- रिपोर्ट
ईरान के स्कूल पर हमलों में 165 छात्राओं की मौत के लिए अमेरिका जिम्मेदार

ईरान के स्कूल पर हमलों में 165 छात्राओं की मौत के लिए अमेरिका जिम्मेदार- रिपोर्ट

लेखन गजेंद्र
Mar 12, 2026
10:46 am

क्या है खबर?

ईरान के मीनाब में 165 छात्राओं की मौत के मामले में अमेरिकी सैन्य जांच की प्रारंभिक रिपोर्ट ने बड़ा खुलासा किया है। न्यूयॉर्क टाइम्स ने जांच रिपोर्ट के आधार पर बताया कि 28 फरवरी को दक्षिणी ईरान के एक स्कूल पर हुआ टोमाहॉक मिसाइल हमला संभवतः अमेरिका द्वारा लक्ष्य निर्धारण में हुई गलती का परिणाम था। हमले में कथित तौर पर 160 से अधिक लोग मारे गए, जिनमें ज्यादातर छात्राएं थीं।

हमला

पुराने आंकड़ों के उपयोग से हमले का गलत लक्ष्य बनाया गया

रिपोर्ट 11 मार्च को जारी हुई है। प्रारंभिक जांच से निष्कर्ष निकला गया कि 28 फरवरी को शजराह तैयबेह स्कूल भवन पर अमेरिकी सैन्य योजनाकारों की लक्ष्य निर्धारण में गलती की वजह से हमला हुआ था। जांच में पाया गया कि अमेरिकी सेना एक पड़ोसी ईरानी अड्डे पर हमले कर रही थी, जो पहले स्कूल भवन का हिस्सा था। अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) ने रक्षा खुफिया एजेंसी से मिले पुराने आंकड़ों का उपयोग कर हमले के लक्ष्य निर्देशांक बनाए थे।

खुलासा

इससे पहले CBS न्यूज ने किया था खुलासा

न्यूयॉर्क टाइम्स से पहले अमेरिका के CBS न्यूज ने भी एक दिन पहले अपनी एक रिपोर्ट में कहा था कि ईरान के एक गर्ल्स स्कूल पर हुए बम हमले के लिए अमेरिका जिम्मेदार हो सकता है। रिपोर्ट में कहा गया था कि हो सकता है कि उसने पुराने खुफिया इनपुट के इस्तेमाल के कारण गलती से स्कूल को निशाना बनाया हो। हालांकि, अभी मामले की गहन पड़ताल अमेरिकी रक्षा विभाग द्वारा की जा रही है।

Advertisement

घटना

ट्रंप कर चुके हैं हमले से इनकार

ईरान पर हमले की शुरूआत के दिन ही मीनाब में यह घटना थी। संयुक्त राष्ट्र में ईरान ने मृतक छात्राओं की संख्या 165 बताई है। मृतकों के अंतिम संस्कार में सड़कों पर भारी हुजूम जुटा था। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्कूल पर हमले की बात नकार दी थी और ईरान को जिम्मेदार बताया था। व्हाइट हाउस ने घटना को प्रोपेगेंडा बताया और विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा था कि वाशिंगटन जानबूझकर किसी स्कूल पर हमला नहीं करेगा।

Advertisement