ईरान के सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई रूस में, पुतिन के आवास पर हो रहा इलाज- रिपोर्ट
क्या है खबर?
ईरान के नए सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई कहां हैं, इसको लेकर कई अटकलें लग रही हैं। पहले कहा गया कि अमेरिका-इजरायल के हमले में वे गंभीर घायल हो गए और फिलहाल कोमा में हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी दावा किया था कि वे जीवित नहीं हैं। अब एक नई रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मोजतबा कथित तौर पर रूस में हैं, जहां उनका इलाज चल रहा है।
रिपोर्ट
पुतिन के आवास से जुड़े अस्पताल में हो रहा इलाज- रिपोर्ट
कुवैती अखबार अल-जरीदा के अनुसार, अमेरिका के ऑपरेशन 'एपिक फ्यूरी' में घायल होने के बाद खामेनेई इलाज के लिए मॉस्को चले गए हैं। उनका इलाज रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास से जुड़े एक निजी चिकित्सा केंद्र में चल रहा है। रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि खामेनेई को युद्ध के बारे में जानकारी नहीं है और ये भी नहीं पता है कि वे ईरान के सुप्रीम लीडर नियुक्त किए गए हैं।
गुप्त
रूस के सैन्य विमान में मॉस्को लाए गए मोजतबा
रिपोर्ट के अनुसार, मोजतबा को एक रूसी सैन्य विमान में बेहद गुप्त अभियान के तहत मॉस्को लाया गया है। अल-जरीदा ने एक सूत्र का हवाला देते हुए दावा किया कि मॉस्को में मोजतबा की सर्जरी की गई है और वह फिलहाल पुतिन के आवासों में से एक आवास में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, घायल होने के बाद मोजतबा को गहन चिकित्सा निगरानी और विशेष देखरेख की जरूरत थी, जो युद्धग्रस्त ईरान में नहीं मिल सकती थी।
पुतिन
पुतिन ने खुद दिया था रूस लाने का प्रस्ताव
रिपोर्ट के मुताबिक, 12 मार्च को पुतिन ने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्किया से फोन पर बात की थी। इस दौरान पुतिन ने खुद मोजतबा को इलाज के लिए रूस लाने का प्रस्ताव दिया था। इस प्रस्ताव पर ईरानी अधिकारियों के बीच विस्तृत चर्चा हुई और फिर मोजतबा को रूस भेजने का फैसला लिया गया। हालांकि, अभी तक न तो ईरानी और न ही रूसी अधिकारियों ने इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
पिछली रिपोर्ट
ब्रिटिश मीडिया का दावा- मोजतबा कोमा में
हाल ही में ब्रिटिश मीडिया द सन ने सूत्रों के हवाले से बताया था कि ईरान के सीना विश्वविद्यालय अस्पताल में मोजतबा का इलाज चल रहा है और ईरान के स्वास्थ्य मंत्री मोहम्मद रजा जफरगंदी उनकी देखरेख कर रहे हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया था कि उनके एक या 2 पैर काट दिए गए हैं, पेट या लीवर में गंभीर चोट आई है और वे कोमा में हैं।