क्लाउडफ्लेयर 20 फीसदी कर्मचारियों की करेगी छंटनी, जानिए क्या है इसकी वजह
क्या है खबर?
क्लाउडफ्लेयर ने अपने वैश्विक कर्मचारियों में से लगभग 20 फीसदी की छंटनी करने की घोषणा की है। इसके तहत 1,100 से अधिक कर्मचारियों की नौकरी जा सकती है। यह कटौती कंपनी द्वारा अपने परिचालन का पुनर्गठन करने और पूरे व्यवसाय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स के उपयोग को बढ़ाने के उद्देश्य से की जा रही है। कंपनी ने भी कहा कि छंटनी कर्मचारियों के प्रदर्शन या अल्पकालिक लागत-कटौती प्रयासों के बजाय उसके एजेंटिक AI-फर्स्ट ऑपरेटिंग मॉडल से जुड़ी है।
कारण
कंपनी में बढ़ रहा AI का उपयोग
रॉयटर्स के अनुसार, सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मैथ्यू प्रिंस और मिशेल जेटलिन ने कर्मचारियों को भेजे मैसेज में छंटनी की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि कंपनी में AI टूल्स का आंतरिक उपयोग पिछले 3 महीनों में 6 गुना से अधिक बढ़ गया। आगे कहा कि क्लाउडफ्लेयर में हमारे काम करने का तरीका बदल गया है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि कंपनी की टीमें पहले से ही प्रतिदिन हजारों AI एजेंट सेशंस का उपयोग कर रही हैं।
असर
AI के कारण पड़ा यह असर
कंपनी ने बताया कि वह एजेंटिक AI युग के लिए अपनी हर टीम और विभाग को नए सिरे से तैयार कर रही है, जिसमें AI सिस्टम सॉफ्टवेयर विकास, संचालन, वित्त, सहायता और आंतरिक कार्यप्रवाह में तेजी से एकीकृत हो रहे हैं। क्लाउडफ्लेयर ने आगे कहा कि छंटनी उत्पादकता या निकट भविष्य के वित्तीय दबाव से संबंधित चिंताओं के बजाय प्रक्रियाओं और भूमिकाओं के पुनर्गठन को दर्शाती है। जानकारी के अनुसार, 2025 के अंत में क्लाउडफ्लेयर में 5,156 पूर्णकालिक कर्मचारी थे।