'जन नायकन' को इस खास दिन रिलीज करने की योजना, फैंस के लिए दोगुना होगा जश्न
क्या है खबर?
इस साल थलापति विजय का नाम जितना चर्चा में रहा, उतनी ही सुर्खियां उनकी फिल्म 'जन नायकन' ने बटोरी हैं। जनवरी, 2026 में रिलीज के लिए तय हुई यह फिल्म अब तक सिनेमाघरों का मुंह नहीं देख पाई। चूकि अभिनेता ने 'जन नायकन' को अपनी आखिरी फिल्म कहा है, इसलिए फैंस की भावनांए पहले से इससे जुड़ी हैं। अब लगता है कि निर्माताओं ने कथित तौर पर रिलीज के लिए खास दिन चुनने की योजना बनानी शुरू कर दी है।
रिलीज
'जन नायकन' जून में इस खास दिन हो सकती है रिलीज
'जन नायकन' के साथ, विजय के फैंस को दोहरे जश्न का तोहफा देने की योजना बन रही है। फिल्मीबीट के अनुसार, फिल्म को अभिनेता के जन्मदिन, यानी 22 जून, 2026 को सिनेमाघरों में उतारा जा सकता है। इस अपडेट ने फैंस की खुशी को सांतवें आसमान पर पहुंचाने का काम किया है। फिल्म उद्योग जगत का मानना है कि जन्मदिन पर फिल्म रिलीज होना तमिलनाडु और विदेशों में विजय के फैंस के लिए एक भव्य उत्सव साबित हो सकता है।
कारण
इस कारण रिलीज को तरस रही 'जन नायकन'
'जन नायकन' तय वक्त पर इसलिए रिलीज नहीं हो सकी, क्योंकि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने इसे प्रमाणपत्र देकर पास नहीं किया था। सेंसर बोर्ड ने फिल्म में कुछ दृश्यों पर आपत्ति जताई थी, जिसके कारण मामला मद्रास हाई कोर्ट तक पहुंच गया। कई दिनों की इस लड़ाई के बाद फिल्म को दोबारा से रिव्यू के लिए भेजा गया था। अब उम्मीद जताई जा रही है कि विजय की फिल्म जल्द ही उनके फैंस तक पहुंच जाएगी।