ईरान के मेहराबाद हवाई अड्डे पर धमाके, अमेरिका बोला- आज रात सबसे भीषण हमला करेंगे
क्या है खबर?
ईरान की राजधानी तेहरान के प्रमुख मेहराबाद हवाई अड्डे पर बीती रात जोरदार धमाके हुए हैं। इसके बाद हवाई अड्डे से आग और धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि हमले के बाद यहां खड़े कई ईरानी विमानों में आग लग गई है। इजरायल ने कहा कि उसने तेहरान में कई लक्ष्यों पर बड़े पैमाने पर हमले किए हैं। वहीं, अमेरिका ने आज रात अब तक के सबसे भीषण हमलों की चेतावनी दी है।
धमाके
हवाई अड्डे पर सुनी गई धमाकों की आवाजें
इजरायली मीडिया ने कहा कि हवाई अड्डे पर हमला हुआ है और पास में धमाकों की आवाज सुनाई देने के बाद आग लगने की खबर है। प्रत्यक्षदर्शियों ने एकबाटन शहर और हवाई अड्डे के पास जोरदार धमाकों की खबर दी है। घटनास्थल से सामने आए वीडियो में हमलों के बाद परिसर से धुआं उठता हुआ दिखाई दे रहा है। तेहरान के अलावा कई और शहरों पर भी हमले हुए हैं।
ट्विटर पोस्ट
हवाई अड्डे पर हमले के दौरान का वीडियो
JUST IN: 🇮🇷 Iran's Mehrabad International Airport hit by massive US-Israeli airstrikes. pic.twitter.com/leCi9HLG2P
— BRICS News (@BRICSinfo) March 6, 2026
बयान
अमेरिका बोला- आज रात सबसे भीषण हमला करेंगे
अमेरिका के वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि आज रात ईरान पर अब तक का सबसे बड़ा हमला किया जाएगा। उन्होंने कहा, "इस हमले का मकसद ईरान के मिसाइल लॉन्चर और मिसाइल कारखानों को नुकसान पहुंचाना है, ताकि मिसाइल क्षमता को कमजोर किया जा सके। ईरान आर्थिक अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहा है। इसका बड़ा कारण यह है कि उसका नियंत्रण होर्मुज जलडमरूमध्य पर है, जो दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल-गैस मार्गों में से एक है।"
युद्धपोत
अमेरिका ईरान की ओर रवाना कर रहा तीसरा युद्धपोत
अमेरिका ने तीसरे युद्धपोत USS जॉर्ज एच डब्ल्यू बुश को ईरान की ओर भेजने का फैसला किया है। 2003 के बाद पहली बार अमेरिकी नौसेना ने एक साथ 3 युद्धपोतों की तैनाती की है। रिपोर्ट के मुताबिक, USS जॉर्ज एचडब्ल्यू बुश ने वर्कअप पूरा कर लिया है और जल्द ही इसके तैनात होने की उम्मीद है। वहीं, एयरक्राफ्ट कैरियर USS गेराल्ड आर फोर्ड ने स्वेज नहर पार कर ली है और इसके पूर्वी मेडिटेरेनियन की ओर जाने की उम्मीद है।
मदद
इजरायल को 1,300 करोड़ के हथियार देगा अमेरिका
अमेरिकी विदेश विभाग ने इजरायल को लगभग 1,388 करोड़ रुपये के हथियार और सैन्य सहायता की मंजूरी दे दी है। विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि आपातकालीन स्थिति के चलते इजरायल को तुरंत यह सैन्य सामान बेचना जरूरी हो गया है। उन्होंने कहा, "यह प्रस्तावित हथियार सौदा अमेरिका की विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में है। इसके जरिए मध्य-पूर्व में अमेरिका के एक रणनीतिक साझेदार की सुरक्षा मजबूत करने में मदद मिलेगी।"
लेबनान
लेबनान हिजबुल्लाह लड़ाकों और इजराइली सैनिकों की झड़प
लेबनान के पूर्वी बेक्का घाटी में इजरायली सैनिकों और हिज्बुल्लाह लड़ाकों के बीच झड़प हुई है। समाचार एजेंसी AFP के अनुसार हिज्बुल्लाह ने कहा कि उसके लड़ाकों ने सीरिया की दिशा से आने वाले इजराइली सेना के 4 हेलीकॉप्टरों की घुसपैठ देखी। इसके बाद इजरायली सैनिक बेक्का घाटी के पूर्वी बालबेक जिले के नबी शीत शहर के कब्रिस्तान तक पहुंचे। वहां पहुंचने हिज्बुल्लाह लड़ाकों से उनकी झडप हुई। इस दौरान 9 लोगों के मारे जाने की खबर है।