ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई का पहला संदेश, कहा- होर्मुज जलडमरूमध्य बंद रहेगा
क्या है खबर?
ईरान के नवनियुक्त सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने गुरुवार को दिए अपने पहले संदेश में यह साफ कर दिया है कि उनकी इस्लामिक गार्ड्स IRGC अमेरिका और इजरायल के आगे नहीं झुकेगी। उन्होंने टीवी संदेश में कहा कि ईरान अपने पड़ोसियों के साथ मित्रता में विश्वास रखता है और केवल अमेरिकी ठिकानों को निशाना बना रहा है, जिसे वह जारी रखेगा। उन्होंने राष्ट्रीय एकता का आह्वान कर कहाकि ईरान के दुश्मनों पर दबाव बनाने के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य बंद रहेगा।
संदेश
खाड़ी क्षेत्र में अमेरिकी सैन्य अड्डे बंद हो- मोजतबा
मोजतबा ने कहा कि खाड़ी क्षेत्रों में अमेरिकी सैन्य अड्डों को तुरंत बंद कर देना चाहिए, अन्यथा उनपर हमला किया जाएगा, ईरान अपने शहीदों के खन का बदला जरूर लेगा। उन्होंने कहा, "मैं उन बहादुर लड़ाकों को धन्यवाद देना चाहता हूं जो ऐसे समय में शानदार काम कर रहे हैं जब हमारा देश दबाव और हमले से गुजर रहा है।" उन्होंने अपनी सेना को धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने ईरान को किसी के प्रभुत्व में आने से रोका है।
समर्थन
यमन और इराक कर रहा समर्थन- मोजतबा
मोजतबा ने आगे अपने पड़ोसी देशों के साथ संबंधों को बेहतर बनाने की बात कही है। उन्होंने कहा, "हमें पड़ोसी देशों के साथ संबंधों को बेहतर बनाने की जरूरत है।" उन्होंने आगे कहा कि यमन में प्रतिरोध भी यह काम कर देगा और साथ ही इराक में सशस्त्र समूह भी ईरान की मदद करना चाहते हैं। यह बयान तब आया है जब ईरान अपने पड़ोसी क्षेत्रों में हमला कर अमेरिकी सैन्य संपत्तियों को निशाना बनाने की बात कह रहा है।
मुआवजा
वित्तीय मुआवजे की पेशकश
सर्वोच्च नेता मोजतबा ने अमेरिका और इजरायल के हमलों में नुकसान झेल रहे देशवासियों की मदद का भी आश्वासन दिया है। उन्होंने अपने संदेश में घोषणा की कि वह किसी भी प्रकार के हमले में घायल लोगों को मुफ्त इलाज मुहैया कराएंगे और वर्तमान स्थिति से निपटने के लिए नुकसान झेलने वालों को कुछ आर्थिक मुआवजा दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने कितना आर्थिक मुआवजा दिया जाएगा, इसकी जानकारी नहीं दी है।
नियुक्ति
28 फरवरी को हुई थी पूर्व सर्वोच्च नेता की हत्या
ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की 28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल के हमलों में मौत हुई थी। उसी दिन दोनों देशों ने इस्लामिक गणराज्य पर हमला शुरू किया था। इसके कुछ दिन बाद नौवें रमजान पर मोजतबा खामेनेई के नए सर्वोच्च नेता के रूप में घोषणा की गई। वे अली खामेनेई के छोटे बेटे हैं। उनको लेकर चर्चा थी कि वे भी इजरायल और अमेरिका के हमले में घायल हुए हैं। हालांकि, यह दावा फर्जी निकला।